बरेली: जिले में मानसून की दस्तक के साथ जहां मौसम सुहावना हो गया है, वहीं मच्छरों और जलजनित रोगों का खतरा भी बढ़ने लगा है। इसी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार से जिलेभर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान की शुरुआत कर दी है। अभियान के तहत पांच संवेदनशील ब्लॉकों के 90 गांवों में विशेष निगरानी रखी जाएगी, जबकि 11 जुलाई से ‘दस्तक अभियान’ शुरू कर घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया जाएगा।
90 संवेदनशील गांवों पर रहेगा विशेष फोकस, 2,857 टीमें करेंगी निगरानी
संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत जिले में कुल 2,857 टीमें गठित की गई हैं। इन टीमों को पांच संवेदनशील ब्लॉकों के 90 गांवों में विशेष रूप से तैनात किया गया है, जहां मलेरिया और डेंगू का खतरा अधिक माना जा रहा है। अभियान का शुभारंभ बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने बिथरी चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से किया। वहीं भमोरा सीएचसी से जनजागरूकता रैली, प्रचार वाहन और फॉगिंग मशीनों को रवाना किया गया। स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य समय रहते रोगों की रोकथाम कर संक्रमण को फैलने से रोकना है।
62 नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी, जिले में अब तक मिले 171 मलेरिया और 5 डेंगू मरीज
इस बार अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए जिला और ब्लॉक स्तर की टीमों के अलावा 62 नोडल अधिकारियों की भी तैनाती की गई है। ये अधिकारी हर सप्ताह गांवों का निरीक्षण कर अपनी रिपोर्ट सीधे डीएम को सौंपेंगे। जिला मलेरिया अधिकारी सत्येंद्र कुमार के अनुसार भमोरा, रामनगर, मझगवां, मीरगंज और फतेहगंज पश्चिमी मलेरिया के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील क्षेत्र हैं। जिले में अब तक 171 मलेरिया और पांच डेंगू के मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से अधिकांश मामले इन्हीं पांच ब्लॉकों से जुड़े हैं।
फॉगिंग, लार्वा रोधी दवा और घर-घर दस्तक से चलेगा बचाव अभियान
स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर विकास, पंचायतीराज, आईसीडीएस, शिक्षा, कृषि, पशुपालन और खाद्य सुरक्षा विभाग भी इस अभियान में भागीदारी करेंगे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. प्रशांत रंजन ने मीडिया को बताया कि नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में फॉगिंग, लार्वा रोधी दवा का छिड़काव, नालियों की तलीझाड़ सफाई और झाड़ियों की कटाई कराई जाएगी। वहीं 11 जुलाई से शुरू होने वाले ‘दस्तक अभियान’ के तहत स्वास्थ्य विभाग और आंगनबाड़ी की टीमें घर-घर जाकर लोगों को मलेरिया, डेंगू और अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपाय बताएंगी। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने कहा कि सभी विभागों के समन्वित प्रयासों से जिले में संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाएगा।
