पेट, छाती और गले पर वार कर किया घायल, आरोपी फरार, जांच में जुटी पुलिस
बरेली : शहर के शहामतगंज चौराहे पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने शराब के क्वार्टर को लेकर हुए विवाद में सेल्समैन पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे आनन-फानन में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले के अनुसार, चक महमूद निवासी अरुण गंगवार श्यामगंज स्थित शराब दुकान पर सेल्समैन के रूप में काम करते हैं। 26 अप्रैल को रिंकू भारती नाम का युवक दुकान पर पहुंचा और 50 में शराब का क्वार्टर मांगने लगा। जब सेल्समैन ने निर्धारित कीमत से कम में शराब देने से इनकार किया, तो आरोपी नाराज हो गया। बताया जा रहा है कि अरुण गंगवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपी ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
पेट, छाती और गले पर किए वार
हमले में आरोपी ने सेल्समैन के पेट, छाती और गले पर कई वार किए।जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
निजी अस्पताल में इलाज जारी
घायल अरुण को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने भी लगाए आरोप
इस घटना के दौरान मौके पर मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने दावा किया कि सेल्समैन का व्यवहार अक्सर लोगों के साथ खराब रहता था और वह ग्राहकों से अभद्रता करता था। हालांकि, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपी की तलाश जारी
इस मामले में शहर के बारादरी कोतवाली थाने में पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
