BA, BBA समेत कई कोर्सों की परीक्षाएं जून के आखिरी सप्ताह तक खिसकीं, इंजीनियरिंग विभाग की परीक्षाएं भी स्थगित
बरेली : महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय (MJPRU) ने प्रतियोगी परीक्षाओं को देखते हुए मुख्य परीक्षाओं के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 24 मई से 14 जून के बीच प्रस्तावित कई परीक्षाओं की तारीखें आगे बढ़ाते हुए संशोधित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है। विश्वविद्यालय के अनुसार, विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तिथियां टकराने के कारण छात्रों को होने वाली असुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। संशोधित कार्यक्रम के तहत अब बीए चतुर्थ सेमेस्टर की समाजशास्त्र विषय की परीक्षा 24 मई के बजाय 5 जून को आयोजित होगी। वहीं बीए छठे सेमेस्टर की अंग्रेजी विषय की परीक्षा अब 19 जून को कराई जाएगी। इसके अलावा 3 जून को प्रस्तावित बीए चतुर्थ सेमेस्टर कला वर्ग के माइनर विषय, बीबीए चतुर्थ सेमेस्टर बिजनेस प्रबंधन तथा बीबीए हेल्थ केयर मैनेजमेंट की परीक्षाएं अब 7 जून को आयोजित होंगी।
कई प्रमुख विषयों की परीक्षाएं जून अंत तक पहुंचीं
विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, 6 जून को होने वाली बीए छठे सेमेस्टर राजनीति शास्त्र की परीक्षा अब 20 जून को होगी। इतिहास विषय की परीक्षा 8 जून से हटाकर 22 और 23 जून को निर्धारित की गई है। इसी तरह हिंदी साहित्य की परीक्षा 24 जून, फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा 25 जून तथा ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा 26 जून को आयोजित की जाएगी।
इंजीनियरिंग विभाग की परीक्षाएं भी स्थगित
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के इंजीनियरिंग विभाग में भी बड़ा बदलाव किया गया है। बीटेक, एमटेक, एमटेक-पीएचडी, एमसीए, इंजीनियरिंग डिप्लोमा, पीजीडीसीए और एमएससी की 20 मई से प्रस्तावित परीक्षाएं फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं। परीक्षा नियंत्रक संजीव सिंह के अनुसार, कुलपति के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है और इन परीक्षाओं का नया कार्यक्रम जल्द जारी किया जाएगा।
छात्रों के विरोध के बाद लिया गया फैसला
गौरतलब है कि सोमवार को इंजीनियरिंग विभाग के छात्रों ने बिना मिडटर्म परीक्षा कराए सीधे मुख्य परीक्षाएं आयोजित करने का विरोध किया था। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षाएं स्थगित करने और नया कार्यक्रम जारी करने का निर्णय लिया।
