बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन, कल कई इलाकों में 2 घंटे गुल रहेगी बिजली
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में बुधवार को बिजली विभाग की कथित लापरवाही ने एक संविदा कर्मचारी की जान ले ली। संजय नगर इलाके में बिजली का फाल्ट ठीक करने गए संविदा लाइनमैन मोहम्मद निजाम की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और साथी कर्मचारियों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग शव लेकर बारादरी थाने पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कार्रवाई की मांग करने लगे।
फाल्ट के बाद भेजा गया था लाइनमैन
जानकारी के मुताबिक बारादरी के काकर टोला निवासी 47 वर्षीय मोहम्मद निजाम पिछले करीब 25 वर्षों से बिजली विभाग में संविदा लाइनमैन के रूप में कार्यरत थे। परिवार में पत्नी नाजिमा और सात बच्चे हैं। बुधवार दोपहर संजय नगर इलाके में बिजली फाल्ट की शिकायत मिलने पर उन्हें मौके पर भेजा गया था।
अचानक लाइन में दौड़ा करंट
स्थानीय लोगों और सहकर्मियों के अनुसार मोहम्मद निजाम बिजली के खंभे पर चढ़कर लाइन ठीक कर रहे थे। इसी दौरान अचानक लाइन में करंट दौड़ गया। तेज झटके से वह करीब 25 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
“अगर शटडाउन लिया होता तो पिता जिंदा होते”
मृतक के बेटे रिजवान ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि पावर हाउस से कॉल आने पर उनके पिता फाल्ट ठीक करने गए थे, लेकिन लाइन का शटडाउन नहीं लिया गया था। रिजवान ने कहा कि यदि समय रहते बिजली सप्लाई बंद कराई गई होती तो उनके पिता की जान बच सकती थी। परिजनों का आरोप है कि हादसे के बाद विभाग के दो कर्मचारी मोहम्मद निजाम को गंगाशील अस्पताल छोड़कर चले गए और परिवार को केवल एक्सीडेंट की सूचना दी गई। जब परिजन अस्पताल पहुंचे तो उन्हें मौत की जानकारी मिली, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।
कल इन इलाकों में 2 घंटे बंद रहेगी बिजली
वहीं दूसरी ओर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) की ओर से बीसलपुर चौराहे से नकटिया नदी स्थित हरूनगला विद्युत उपकेंद्र तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी के तहत 21 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिजली लाइन शिफ्टिंग, नए पोल लगाने, एबीसी केबल बिछाने और ट्रांसफॉर्मर शिफ्टिंग का कार्य किया जाएगा।
इस दौरान 11 केवी बाईपास, हरूनगला, पवन विहार और महानगर 33 केवी फीडर से जुड़े क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति करीब दो घंटे तक बंद रहेगी। BDA और बिजली विभाग ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए असुविधा के लिए खेद जताया है।
