बरेली : यूपी के बरेलीवासियों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले एक महीने से मरम्मत कार्य के चलते बंद चौपुला ओवरब्रिज बुधवार सुबह दोबारा वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया। पुल के शुरू होते ही बदायूं रोड, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ समेत आसपास के इलाकों के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें पिछले कई दिनों से वैकल्पिक मार्गों और ट्रैफिक जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा था।चौपुला ओवरब्रिज का उद्घाटन कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने किया और इसे जनता को समर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) और संबंधित ठेकेदार पर लगातार निगरानी और दबाव बनाए रखने के कारण मरम्मत कार्य निर्धारित समय से पहले पूरा हो सका।
45 दिन की जगह 30 दिन में पूरा हुआ काम
करीब डेढ़ दशक पहले बने 800 मीटर लंबे चौपुला ओवरब्रिज की हालत जर्जर होने लगी थी। पुल के 30 एक्सपेंशन ज्वाइंट की मरम्मत के लिए शासन द्वारा लगभग 1.30 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे।मरम्मत कार्य के लिए पुल को बंद कर 13 मई से काम शुरू कराया गया था। प्रारंभिक योजना के अनुसार कार्य पूरा करने के लिए 45 दिनों का समय निर्धारित किया गया था, लेकिन एजेंसियों ने रिकॉर्ड समय में करीब 30 दिनों में काम पूरा कर लिया। जिसके चलते प्रशासन ने तय समय से लगभग 10 दिन पहले ही पुल को यातायात के लिए खोलने का फैसला लिया।
एक महीने लोगों ने झेली परेशानी
पुल बंद रहने के दौरान बदायूं, आगरा, एटा, इटावा, मथुरा और कासगंज की ओर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से होकर गुजरना पड़ रहा था। वहीं सुभाषनगर, मढ़ीनाथ और आसपास के क्षेत्रों के स्थानीय निवासियों को भी रोजाना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति भी बनी रही। अब पुल खुलने के बाद इन क्षेत्रों के लोगों को सीधे आवागमन की सुविधा मिल गई है। जिससे समय और ईंधन दोनों की बचत होगी।
विधायक बोले-जनता के धैर्य का मिला सकारात्मक परिणाम
उद्घाटन के दौरान विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि जनता ने बेहतर और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए कुछ दिनों तक असुविधा झेली। जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने है। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत पूरी होने से आने वाले वर्षों तक लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी।उन्होंने पुलिस प्रशासन, NHAI, ठेकेदार और क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग और समन्वय से यह महत्वपूर्ण परियोजना समय से पहले पूरी हो सकी।
मरम्मत के बाद पैचिंग पर भी उठे सवाल
हालांकि, पुल खुलने के बाद कुछ स्थानों पर सड़क की पैचिंग दिखाई देने से स्थानीय लोगों के बीच चर्चाएं भी शुरू हो गई हैं। कई जगहों पर पैचिंग देखकर ऐसा प्रतीत हो रहा है कि मरम्मत कार्य के दौरान सड़क का हिस्सा प्रभावित हुआ हो।हालांकि, संबंधित विभागों की ओर से इसे तकनीकी प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है।
किसान एकता संघ ने जताया आभार
चौपुला पुल की मरम्मत पूरी होने पर किसान एकता संघ ने भी प्रशासन और संबंधित विभागों का आभार व्यक्त किया। संगठन के नेता डॉ. रवि नागर अपने साथियों के साथ पुल पर पहुंचे और कार्य पूरा होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि पुल की मरम्मत और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए संगठन ने लगातार आवाज उठाई थी।
पुराने रूट पर लौटा यातायात
एसपी ट्रैफिक मोहम्मद अकमल खां ने बताया कि मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद चौपुला ओवरब्रिज से वाहनों का आवागमन पुनः शुरू कर दिया गया है। इसके साथ ही शहर का पुराना ट्रैफिक रूट भी बहाल हो गया है। अब लोगों को लंबा चक्कर लगाकर नहीं जाना पड़ेगा और यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुगम होगी।
हजारों यात्रियों को मिलेगी राहत
लंबे समय से चौपुला ओवरब्रिज के खुलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह बड़ी राहत है। पुल के दोबारा शुरू होने से प्रतिदिन हजारों यात्रियों का सफर आसान होगा और बदायूं रोड समेत शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव भी कम होने की उम्मीद है। बरेली के महत्वपूर्ण संपर्क मार्गों में शामिल यह ओवरब्रिज अब फिर से शहर की यातायात व्यवस्था की मुख्य कड़ी बन गया है।
