बरेली: सिरौली थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान हुई फायरिंग में युवक की मौत मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 7 दिसंबर की है, जब कहासुनी के बाद तमंचे से चली गोली ने एक युवक की जान ले ली थी।
क्या है पूरा मामला?
थाना सिरौली में 07 दिसंबर 2025 की रात एक शादी समारोह के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अरविंद यादव, तस्लीम, यासीन और राशिद ने वादी निशार अहमद के बेटे रिज़वान को गोली मार दी। गोली लगते ही रिज़वान की मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद सिरौली थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में मामले में आर्म्स एक्ट 3/25/27 भी जोड़ा गया।
पहला आरोपी पहले ही भेजा जा चुका है जेल
अरविंद उर्फ अनिल सिंह यादव को 09 दिसंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। शेष आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
मुखबिर की सूचना पर दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या मामले के वांछित आरोपी तस्लीम और राशिद जयनाथपुर जाने वाले रास्ते पर सवारी का इंतज़ार कर रहे हैं। सिरौली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
वारदात में पहनी टी-शर्ट बरामद
गिरफ्तार आरोपी तस्लीम की निशानदेही पर वह टी-शर्ट बरामद की गई जिस पर मृतक रिज़वान का खून लगा था। पुलिस ने इसे केस से जुड़े अहम सबूत के रूप में कब्जे में लिया है।
