बरेली : बरेली प्रीमियर लीग (BPL) के ऑक्शन में क्रिकेट का जबरदस्त रोमांच देखने को मिला, जहां फ्रेंचाइजी मालिकों ने खिलाड़ियों पर खुलकर बोली लगाई। शहर के बीसलपुर चौराहा स्थित होटल में हुए इस ऑक्शन में हर नाम के साथ बोली बढ़ती गई और माहौल पूरी तरह उत्साह से भर गया। सबसे बड़ी बोली आगरा के खिलाड़ी पुष्पेंद्र उपाध्याय पर लगी। उन्हें 36 हजार रुपये में खरीदा गया। इस बोली ने साफ कर दिया कि इस बार बाहरी खिलाड़ियों की भी जबरदस्त डिमांड है।
लोकल खिलाड़ियों का दबदबा, राठी-निशांत बने स्टार
ऑक्शन में बरेली के खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। शिव कुमार राठी को 25.5 हजार और निशांत कुशवाहा को 23 हजार में खरीदा गया। इसके अलावा शुभ अग्रवाल (21.5 हजार) और अन्य खिलाड़ियों पर भी जमकर बोली लगी। कुल 252 खिलाड़ियों में से 124 पर बोली लगी है। जिसमें 69 खिलाड़ी बरेली के ही रहे। फ्रेंचाइजी मालिकों ने करीब 9 लाख रुपये खर्च किए, जिससे लोकल और बाहरी टैलेंट का संतुलन देखने को मिला।
6 टीमें मैदान में, ट्रॉफी के लिए कांटे की टक्कर
इस बार BPL में बरेली ब्लास्टर्स, आंवला एवेंजर्स, मीरगंज लायंस, फरीदपुर फाइटर्स, नवाबगंज नवाब और बहेड़ी बाउंडर्स के बीच मुकाबला होगा। सभी टीमें मजबूत नजर आ रही हैं, जिससे टूर्नामेंट में कड़ी टक्कर तय मानी जा रही है।ऑक्शन के बाद अब सबकी निगाहें मैदान पर हैं, जहां खिलाड़ी अपनी कीमत और काबिलियत साबित करेंगे।
