बरेली : रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन और कानपुर पुल के बीच प्रस्तावित ब्लॉक के चलते अगले महीने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस ब्लॉक के कारण 30 से अधिक ट्रेनें प्रभावित होंगी, कुछ रद्द रहेंगी, जबकि कई को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 2 अप्रैल से 13 मई तक 12004 नई दिल्ली-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस को गाजियाबाद -कानपुर मार्ग के बजाय गाजियाबाद -मुरादाबाद-बरेली रूट से चलाया जाएगा। इस दौरान यह ट्रेन अलीगढ़, टुंडला, इटावा, फफूंद और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर नहीं रुकेगी। इसी तरह 02563 बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल और 02569 दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल को भी परिवर्तित मार्ग से बुढ़वल, सीतापुर, शाहजहांपुर, बरेली और मुरादाबाद होते हुए चलाया जाएगा।
वापसी ट्रेनों का भी बदला रूट
02564 नई दिल्ली-बरौनी और 02570 नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल ट्रेनों का संचालन भी 2 अप्रैल से 13 मई तक बदले हुए रूट से किया जाएगा। इससे बरेली जंक्शन पर ट्रेनों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। रेलवे ने रद्द ट्रेनों के यात्रियों के लिए टिकट रिफंड प्रक्रिया शुरू कर दी है और वैकल्पिक व्यवस्था पर काम किया जा रहा है।
बरेली-दिल्ली पैसेंजर ट्रेन रद्द
दिल्ली-शाहदरा रेलखंड पर ब्लॉक के कारण 54075 बरेली-दिल्ली पैसेंजर 28 मार्च और 54076 दिल्ली-बरेली पैसेंजर 29 मार्च को रद्द रहेंगी। इसके अलावा 12036 दिल्ली-टनकपुर एक्सप्रेस को 18 मार्च को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा, जबकि 14207 पदमावत एक्सप्रेस 28 मार्च को करीब 150 मिनट की देरी से चलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जांचने की अपील की है, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
