बरेली : यूपी के बरेली में रविवार की सुबह गर्व, अनुशासन और उत्साह से भरपूर रही, जब पुलिस लाइन में आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड के बाद कुल 1147 रंगरूट सिपाही बनकर यूपी पुलिस का हिस्सा बने। इनमें 783 महिला और 364 पुरुष प्रशिक्षु शामिल रहे।
महिला सिपाहियों का दमदार प्रदर्शन

पुलिस लाइन में नौ महीने के आरटीसी प्रशिक्षण के बाद 783 महिला रंगरूटों ने परेड में शानदार मार्च पास्ट किया। मुख्य अतिथि एडीजी बरेली जोन रमित शर्मा ने परेड की सलामी ली, जबकि एसएसपी अनुराग आर्य भी मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने नई सिपाहियों को कर्तव्य, अनुशासन और निष्ठा का संदेश दिया।
796 में से 783 बनीं सिपाही
जानकारी के मुताबिक, 800 महिला रिक्रूट के सापेक्ष 796 ने प्रशिक्षण ज्वाइन किया था। जिनमें से 783 सफलतापूर्वक पास आउट होकर सिपाही बनीं। इनमें से 292 सिपाहियों की तैनाती बरेली जिले के थानों में ही की जाएगी।
पीएसी में 364 पुरुष रिक्रूट पास

वहीं पीएसी आठवीं बटालियन में आयोजित परेड में 364 पुरुष रंगरूटों ने प्रशिक्षण पूरा कर सिपाही का दर्जा हासिल किया। इस दौरान आईजी मोदक राजेश डी राव ने परेड की सलामी ली और कमांडेंट आकाश तोमर के साथ निरीक्षण किया।
खुशी और गर्व के पल

परेड के बाद भावुक और खुशी भरे नज़ारे देखने को मिले। नई सिपाहियों ने अपने परिजनों के साथ पगड़ी पहनाकर, सेल्फी लेकर और जश्न मनाकर इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया। अधिकतर सिपाही साधारण परिवारों से हैं, जिनके लिए यह उपलब्धि गर्व का क्षण बनी।
सीएम का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश भी सुनाया गया। जिसमें उन्होंने अनुशासन, समर्पण और कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने पर जोर दिया।
