बरेली : शहर के प्रियदर्शनी नगर स्थित पुराने पासपोर्ट कार्यालय और यूनियन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में अज्ञात ईमेल से मिली धमकी के बाद हड़कंप मच गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तुरंत पूरी बिल्डिंग को खाली करा लिया गया और सभी लोगों को बाहर निकाल दिया गया।
सुबह 11:15 बजे आया धमकी भरा मेल, मची अफरा-तफरी

शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे पासपोर्ट कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बम से उड़ाने की धमकी भरा संदिग्ध मेल आया। मेल पढ़ते ही अधिकारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई।
डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता जुटा जांच में, साइबर टीम अलर्ट

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDS) को बुलाकर पूरे परिसर की सघन जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, जबकि साइबर टीम ईमेल भेजने वाले की पहचान में जुटी हुई है।
