बरेली : यूपी के बरेली में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई कर नवाबगंज नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष शहला के पति डॉ. ताहिर की क्लास-B हिस्ट्रीशीट खोल दी है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। पुलिस के अनुसार डॉ. ताहिर के खिलाफ धोखाधड़ी, रंगदारी, लूट, हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा, राजद्रोह और एससी/एसटी एक्ट समेत कुल 14 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से दर्ज आपराधिक मामलों और गतिविधियों को देखते हुए हिस्ट्रीशीट खोलने का निर्णय लिया गया।
अपराधों का लंबा रिकॉर्ड, पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक डॉ. ताहिर के खिलाफ थाना नवाबगंज में अलग-अलग वर्षों में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हुए हैं। इनमें मारपीट, फर्जी दस्तावेज तैयार करना, सरकारी काम में बाधा डालना, रंगदारी मांगना और धोखाधड़ी जैसे मामले शामिल हैं।
हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब स्थानीय पुलिस डॉ. ताहिर की गतिविधियों, संपर्कों और आवाजाही पर लगातार नजर रखेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
शादियों को लेकर भी चर्चा में
डॉ. ताहिर शादियों को लेकर भी काफी चर्चा में रहे थे। कुछ साल पहले शादी करने को लेकर उनकी पूर्व अध्यक्ष पति और बेटी से भी कहासुनी हो गई थी। यह मामला काफी तूल पकड़ा था। उनको सपा के एक नेता का करीबी माना जाता है। राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि पूर्व की एक सरकार के दौरान डॉ. ताहिर का प्रभाव काफी बढ़ा था। बताया जा रहा है कि उसी दौरान पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष और उनके परिवार के खिलाफ एक ही दिन में 44 मुकदमे दर्ज कराए गए थे। अब पुलिस पुराने मामलों और आपराधिक इतिहास की भी गहन जांच कर रही है।
SSP अनुराग आर्य का सख्त संदेश
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ संदेश दिया है कि जिले में अपराधियों और दबंगों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस का कहना है कि जिन लोगों का आपराधिक इतिहास लंबा है, उन्हें चिन्हित कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी पहल माना जा रहा है। वहीं, हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद डॉ. ताहिर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।
