बरेली : यूपी के बरेली में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ हुई झमाझम बारिश ने पूरे शहर में तबाही मचा दी। करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई तेज हवाओं और बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भारी नुकसान भी हुआ। कई जगह पेड़ और यूनिपोल सड़क पर गिर गए, दीवारें ढह गईं और बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
मालियों की पुलिया के पास गिरा यूनिपोल, बड़ा हादसा टला

तेज आंधी के दौरान शहर के मालियों की पुलिया इलाके में एक बड़ा यूनिपोल अचानक सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर या वाहन उसकी चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के बाद इलाके में अफरा -तफरी मच गई और यातायात कुछ देर के लिए प्रभावित रहा।
सड़क पर गिरे पेड़, कई वाहन क्षतिग्रस्त

आंधी इतनी तेज थी कि शहर के कई हिस्सों में बड़े-बड़े पेड़ धराशायी हो गए। सेटेलाइट पुल की सर्विस रोड पर एक विशाल पेड़ गिर गया। जिससे रास्ता बंद हो गया।वहीं विकास भवन के पास गुजर रही एक कार पर पेड़ गिर पड़ा।शाहजहांपुर रोड पर भी इसी तरह एक अन्य कार पेड़ की चपेट में आ गई। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कार चालक सुरक्षित बच गए।
रामपुर गार्डन में मकान पर गिरा पेड़

शहर के रामपुर गार्डन में एक मकान पर पेड़ गिर गया। इससे मकान क्षतिग्रस्त हो गया। इससे रोड भी बंद हो गया। जिसके चलते वाहनों का लम्बा जाम लग गया।स्टेडियम के सामने भी पेड़ गिरने से एक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने के बाद वन विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंचीं और पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया।
दो मकानों पर गिरा पीपल का पेड़
इसके अलावा शहर के संजय नगर इलाके में होली चौराहे के पास बंटी ठाकुर वाली गली में तेज आंधी के कारण एक बड़ा पीपल का पेड़ दो मकानों पर गिर गया। हादसे में मकानों को काफी नुकसान पहुंचा। स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
बरेली कॉलेज के पास ढही दीवार
आंधी-बारिश के दौरान बरेली कॉलेज के पास नगर निगम के बाजार की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हालांकि, उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। करीब 20 मिनट तक चली तेज आंधी और बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन गई।
ग्रामीण इलाकों में भी भारी नुकसान
आंधी का असर ग्रामीण क्षेत्रों में भी देखने को मिला। नगर पंचायत सिरौली कस्बे के मोहल्ला साहूकारा में बिजली का पोल गिर गया, जबकि फतेहगंज पश्चिमी इलाके में सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित हो गया। रिठौरा में तेज हवाओं के कारण निर्माणाधीन मकान की दीवार गिर गई, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
बिजली व्यवस्था चरमराई, कई इलाकों में ब्लैकआउट
तेज आंधी और बारिश के चलते शहर और देहात के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जगह -जगह तार टूटने और पेड़ गिरने से विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई। कई मोहल्लों में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत निगम की टीमें लगातार फॉल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने में जुटी रहीं।
रेल यातायात भी प्रभावित
आंधी के दौरान मुरादाबाद और रोजा के बीच ओएचई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे रेल संचालन पर भी असर पड़ा। कुछ ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया, जबकि कई ट्रेनें प्रभावित रहीं।प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में सुरक्षित रहने और पेड़ों व बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है।
