पीलीभीत : पीलीभीत से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पेड़ से लटकता मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव गाजीपुर मुगल की है। युवक की मौत आत्महत्या है या फिर हत्या, इसको लेकर पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रदीप कुमार प्रजापति के रूप में हुई है, जो माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव शहगढ़ वगला का रहने वाला था। युवक का शव गांव के बाहर एक पेड़ से लटकता मिला। शव मिलने की खबर जैसे ही गांव में फैली, मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और इलाके में हड़कंप मच गया।
परिजनों के मुताबिक प्रदीप कुमार बुधवार सुबह घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं लग पाया। परिवार के लोग लगातार रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच गुरुवार सुबह गांव गाजीपुर मुगल के पास लोगों ने एक युवक का शव पेड़ से लटका देखा। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जब परिजन मौके पर पहुंचे तो शव की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई। बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि मृतक के गले में उसकी ही शर्ट का फंदा कसा हुआ था। शव जिस हालत में मिला, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना की सूचना मिलते ही बरखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि युवक आखिर यहां तक कैसे पहुंचा।
फिलहाल पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध लग रहा है, इसलिए हर पहलू पर बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। पुलिस का यह भी कहना है कि यदि परिजन कोई तहरीर देते हैं और जांच में किसी तरह की आपराधिक साजिश सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं गांव में इस घटना के बाद लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, तो कुछ हत्या की आशंका जता रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि युवक ने खुद फांसी लगाई या फिर उसके साथ कोई अनहोनी हुई।
रिपोर्ट : ऋतिक द्विवेदी, पीलीभीत
