बदायूं:उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के कोर्ट परिसर में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव गार्ड रूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
कोर्ट पहुंचे कर्मचारी का कुछ देर बाद मिला शव
जानकारी के मुताबिक, बरेली के थाना सुभाष नगर क्षेत्र स्थित बीडीए कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय सुधीर कुमार बदायूं कोर्ट परिसर में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि वह रोजाना की तरह ड्यूटी पर कोर्ट परिसर पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ देर बाद उनका शव गार्ड रूम में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना सामने आते ही वहां मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे
घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला जज, एसएसपी समेत कई प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने गार्ड रूम को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
आत्मघाती कदम के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं
फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि सुधीर कुमार ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस मृतक के परिवार वालों और कोर्ट कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। वहीं परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले में अभिषेक सिंह ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट:आसिम अली, बदायूं
