जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां ने शराब भट्टी बंद करने, और सफाई व्यवस्था की उठाई मांग
बरेली : मरकज़ी दारुल इफ्ता में बैंगलोर से आई शरई शहादत के बाद निर्णय लिया गया है कि 5 सितंबर 2025 को पूरे देश में ईद मिलादुन्नबी मनाई जाएगी। इस दौरान बरेली शहर से लेकर देहात तक में जुलूस-ए- मुहम्मद निकाले जाएंगे। जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान उर्फ फरमान मियां ने बताया कि मरकज़ी दारुल इफ्ता में बैंगलोर से आई शरई शहादत के बाद निर्णय लिया गया है। अब 5 सितंबर 2025 को पूरे देश में ईद मिलादुन्नबी मनाई जाएगी। फरमान मियां ने बताया कि इस दिन जुलूस और महफ़िल-ए-मिलाद का आयोजन होगा।
डीजे का इस्तेमाल न करने की सलाह
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtu.be/2vr_VA6X4kw?si=6Sdesr2jUnpUK8Kg
दरगाह आला हजरत से पहले भी जुलूस-ए-मुहम्मदी में डीजे न लाने का पैगाम दिया गया है। अब फरमान मियां ने अंजुमनों से अपील की है कि डी.जे का इस्तेमाल न करें, और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से मनाएं।
डीएम से शराब की दुकान बंद करने की मांग
उन्होंने जिलाधिकारी (डीएम) से मांग की कि 5 सितंबर को सभी शराब भट्टियां और अंग्रेज़ी शराब की दुकानें बंद रखी जाएं, ताकि माहौल की पवित्रता और धार्मिक भावनाओं का सम्मान हो सके। इसके अलावा उन्होंने प्रशासन से अपील की कि जुलूस मार्गों पर विशेष सफाई व्यवस्था और पानी का छिड़काव हो। स्ट्रीट लाइट और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।
इंसानियत का दें पैगाम
फरमान मियां ने कहा, “ईद मिलादुन्नबी अमन, भाईचारे और मोहब्बत का पैग़ाम देती है। यह दिन पूरी इंसानियत के लिए रहमत और इंसाफ का प्रतीक है। इसे शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”उन्होंने प्रशासन से सहयोग की उम्मीद जताई और कहा कि बरेली ही नहीं, पूरे मुल्क में यह पर्व तहज़ीब और भाईचारे की मिसाल पेश करता है।
