मृतक चंदन की फाइल फोटो
बरेली : शहर के कुतुब खाना मंडी क्षेत्र में रविवार को एक नेपाली मूल के व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने हड़कंप मचा दिया। मृतक की पहचान नेपाल के जिला सुरकेश, थाना बोटीचौर, गुरवाकोट-4 निवासी चंदन (52 वर्ष) पुत्र वीर के रूप में हुई है। उनका शव सुबह मंडी क्षेत्र में मिला। इसके बाद लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

बेटी ने लगाया आरोप-“पिता से मिलने आ रही थी, पर रास्ते में मौत की खबर मिली”
मृतक की बेटी सपना ने बताया कि वह दिल्ली से अपने पिता को लेने बरेली आ रही थी। दोनों को नेपाल वापस जाना था, और सुबह बस अड्डे पर उनकी मुलाकात होना तय थी, लेकिन इससे पहले ही रास्ते में उसे पिता की मौत की खबर मिली। सपना ने बताया कि“मां बीमार है, हम दोनों बरेली से नेपाल लौटने वाले थे..लेकिन बस अड्डे पहुँचने से पहले ही पापा कहाँ चले गए…”ये कहते-कहते वह रो-रोकर बेहाल हो गई। सपना ने यह भी बताया कि उसके पिता शराब के आदी थे और कई बार अचानक सड़क किनारे गिर जाते थे।
पुलिस की जांच, नशे में नाली में गिरने से मौत की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया कि चंदन नशा करने का आदी था और भीख मांगकर गुज़ारा करता था। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि नशे की हालत में वह सड़क किनारे नाली में गिर पड़ा और वहीं फंसने से उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत के सही कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
स्थानीय लोग बोले-रात में लड़खड़ाते हुए देखा
मंडी क्षेत्र के कुछ लोगों ने बताया कि उन्होंने मृतक को रात के समय शराब के नशे में लड़खड़ाते हुए चलते देखा था। सुबह जब लोग बाजार पहुंचे, तो उसका शव नाली के पास पड़ा मिला।थाना पुलिस का कहना है कि “शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। यदि कोई नया एंगल सामने आता है तो उस पर भी जांच की जाएगी।”
