बरेली : यूपी के बरेली जिले में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई लगातार दूसरे दिन भी जारी रही। पीलीभीत रोड पर बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने रविवार को कपड़ों के तीन मंजिला शोरूम को ध्वस्त कर दिया। इससे पहले शनिवार को जगतपुर क्षेत्र में 16 अवैध दुकानों को बुलडोजर से तोड़ा गया था। लगातार दो दिनों से चल रही इस कार्रवाई के कारण पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। जिस शोरूम पर ध्वस्तीकरण हुआ, वह मोहम्मद आरिफ का बताया जा रहा है। BDA की टीम रविवार सुबह पुलिस और PAC बल के साथ मौके पर पहुँची और शोरूम की साइड दीवारें तोड़कर कार्रवाई शुरू की।
कल 16 दुकानें, आज 3 मंजिला शोरूम,पीलीभीत रोड पर जुटी भारी भीड़
शनिवार को जिस शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की दुकानें तोड़ी गईं, वह करीब ढाई साल पहले तैयार किया गया था। आरिफ ने इन दुकानों को 30-35 लाख रुपये में बेचा, जबकि जो दुकानें नहीं बिकीं उन्हें 12- 15 हजार रुपये मासिक किराये पर उठा दिया था। 11 अक्टूबर को BDA ने इस कॉम्प्लेक्स को पहले सील किया था, और दुकानदारों को सामान निकालने की अनुमति दी गई थी। रविवार को शोरूम ढहाने से पहले भी दुकान को पूरी तरह खाली कराया गया। ध्वस्तीकरण के दौरान पीलीभीत रोड पर देखने वालों की भीड़ जुट गई और पूरा इलाका सुरक्षा घेरे में ले लिया गया।
बीडीए का बयान-“नोटिस दिए गए, जवाब नहीं मिला”
BDA उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंडन ने मीडिया को बताया कि “मोहम्मद आरिफ को पहले भी नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया।नियमानुसार प्राधिकरण ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की है।”
