बरेली: यूपी के बरेली देहात के भुता थाना क्षेत्र में फरवरी महीने में मेडिकल स्टोर संचालक परमजीत की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब तीन महीने बाद एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि दवाइयों के लेन-देन और पैसों के विवाद के बाद वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, बुलेरो कार, बाइक और मृतक से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए हैं।
मेडिकल स्टोर जाने निकले थे परमजीत, अगले दिन मिला था शव
जानकारी के मुताबिक 21 फरवरी 2026 को भुता क्षेत्र के रिछा निवासी 24 वर्षीय मेडिकल स्टोर संचालक परमजीत अपनी बाइक से मेडिकल स्टोर जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद गुमशुदगी दर्ज कराई गई। अगले ही दिन फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में परमजीत का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया।
मेडिकल कारोबार के संपर्क से शुरू हुई जांच, सोमवीर पर गया शक
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सोमवीर नामक व्यक्ति का मृतक परमजीत से मेडिकल कारोबार और दवाइयों के लेन-देन के सिलसिले में संपर्क था। परिजनों ने बताया कि घटना वाले दिन भी सोमवीर मेडिकल स्टोर पर आया था और परमजीत उसके साथ गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी।
एसओजी और सर्विलांस टीम ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
16 मई को मुखबिर की सूचना और एसओजी व सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने भोजीपुरा क्षेत्र के रहपुरा करीमबक्श निवासी सोमवीर और नवाबगंज क्षेत्र के बिजौरिया निवासी आकाश दीप मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की गई।
पैसों के विवाद में हत्या का आरोप, तीसरे आरोपी की तलाश जारी
पुलिस जांच के अनुसार शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई कि दवाइयों के लेन-देन को लेकर करीब 10 हजार रुपये का विवाद था। इसी विवाद के दौरान झगड़ा बढ़ गया और वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अजयवीर नाम के एक अन्य व्यक्ति का भी नाम सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है। हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने तमंचा, बुलेरो और अन्य सामान किया बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिल, एक काले रंग की बुलेरो कार, हेलमेट, मोबाइल फोन और मृतक से जुड़े कई दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
