50-50 हजार के इनामी आरोपी अब भी फरार, कुर्की की तैयारी, निवेशकों की जगी उम्मीद
बरेली : बदायूं जिले के चर्चित अमर ज्योति निवेश घोटाले में फरार चल रहे मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। करीब 200 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे बरेली निवासी तीनों भाइयों शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य, और श्रीकांत मौर्य के खिलाफ अब न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।बदायूं कोतवाली पुलिस टीम बरेली पहुंची और थाना बारादरी क्षेत्र स्थित राधिका कुंज कॉलोनी में आरोपियों के घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत नोटिस चस्पा किए। इस दौरान पुलिस ने इलाके में सार्वजनिक मुनादी कराकर आरोपियों को अदालत में पेश होने की चेतावनी भी दी।
फरार निदेशकों पर उद्घोषणा जारी, कोर्ट सख्त
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर न्यायालय में हाजिर नहीं होते हैं तो उनकी संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद घोटाले में फंसे निवेशकों के बीच उम्मीद जगी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और संपत्तियों पर कानूनी कार्रवाई के जरिए उनकी रकम वापस मिलने का रास्ता खुल सकता है।
निवेश पर मोटे मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की ठगी का आरोप
जानकारी के अनुसार बदायूं के मोहल्ला कमंग्रान निवासी अशहद अहमद खां समेत कई पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि अमर ज्योति यूनिवर्स लिमिटेड कंपनी ने निवेश पर भारी मुनाफा देने का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम जमा कराई।
फर्जी पासबुक और खातों से करोड़ों की ठगी का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि कंपनी ने कई लोगों के नाम से फर्जी खाते खोले, जाली पासबुक और दस्तावेज तैयार किए तथा निवेशकों की जमा पूंजी का गबन कर लिया। मामले की जांच के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज किए थे। जांच में करोड़ों रुपये के निवेश घोटाले की परतें सामने आने लगीं। बताया जा रहा है कि बदायूं ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के भी बड़ी संख्या में लोगों की जमा पूंजी इस कंपनी में फंस गई थी। कई निवेशकों ने अपनी जीवनभर की बचत कंपनी में निवेश कर दी थी।
तीनों आरोपियों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम
पुलिस के अनुसार मामले में कंपनी के निदेशक शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य को नामजद किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही तीनों आरोपी फरार चल रहे हैं। लगातार दबिश और तलाश के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस ने तीनों पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया।जांच एजेंसियों को आशंका है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं।
कोर्ट के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई
शहर कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि आरोपियों के लगातार फरार रहने पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बदायूं की अदालत से उद्घोषणा जारी कराई गई। इसी क्रम में पुलिस टीम ने बारादरी थाना पुलिस और गवाहों की मौजूदगी में आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा किए और मुनादी कराई। पुलिस ने साफ किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि आरोपी अदालत में पेश नहीं होते हैं तो अगली कार्रवाई के तहत उनकी संपत्तियों की कुर्की की जाएगी।फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
