बरेली : यूपी के बरेली देहात के थाना भमौरा क्षेत्र में खेत पर घात लगाकर की गई एक सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
जानें कैसे की हत्या ?
यह घटना 18 अप्रैल की है, जब ग्राम मीकमपुर निवासी धर्मपाल ने पुलिस को सूचना दी कि कुछ लोग अवैध असलाह लेकर झाड़ियों में छिपे हुए थे और उन्होंने उसके भाई कल्यान सिंह को गोली मार दी। गोली लगते ही कल्यान की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर जब धर्मपाल मौके पर पहुंचे तो आरोपियों ने उन पर भी फायरिंग की और हवाई फायर करते हुए फरार हो गए।
पुलिस ने ऐसे किया आरोपियों को गिरफ्तार
घटना के बाद थाना भमौरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।सूचना पर पुलिस टीम ने नरवीर और फूल सिंह को बल्लिया-दातागंज मार्ग पर एक खाली ईंट भट्ठे के पास से गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से एक-एक तमंचा 315 बोर और जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। बरामदगी के आधार पर आर्म्स एक्ट की धारा भी बढ़ाई गई है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस पूछताछ में आरोपी फूल सिंह ने बताया कि करीब एक साल पहले बाजार में मृतक के भाई धर्मपाल से उसका झगड़ा हुआ था, जिसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश चल रही थी।कुछ दिन पहले फिर विवाद बढ़ा, जिसके बाद आरोपियों ने मिलकर हत्या की साजिश रची। उन्हें पता था कि कल्यान रोज सुबह खेत पर आता है, इसलिए वे पहले से झाड़ियों में छिपकर बैठ गए और मौका मिलते ही गोली मार दी।
आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।
