बरेली : यूपी के बरेली देहात के थाना भमौरा क्षेत्र में पुलिस ने ड्रग तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी अवैध कमाई पर सीधा वार किया है। दो अलग-अलग NDPS मामलों में जांच के बाद करीब 11 लाख रुपये कीमत की गाड़ियों को फ्रीज कर दिया गया है। यह कार्रवाई नई दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी के आदेश पर की गई है।
3.5 किलो अफीम के साथ गिरफ्तारी

31 दिसंबर 2025 को ANTF टीम और भमौरा पुलिस ने फैसल खान उर्फ अर्शी को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 3.5 किलो अवैध अफीम, तीन मोबाइल फोन और 3650 रुपये नकद बरामद हुए थे। इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 8/18/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया था।
नशे के कारोबार के पैसों से खरीदी गाड़ियां
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी ने नशे की तस्करी से कमाए गए पैसों से एक स्प्लेंडर बाइक और एक वैगनआर कार खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने 27 मार्च को इन संपत्तियों को फ्रीज कराने का प्रस्ताव SAFEM और NDPS कोर्ट, नई दिल्ली को भेजा।
भारी मात्रा में डोडा बरामद
9 जनवरी को भमौरा पुलिस ने सलमान नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसके पास से 61 किलो 500 ग्राम डोडा छिलका और 29 किलो 500 ग्राम डोडा पाउडर बरामद हुआ था। इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 8/15/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
11 लाख की संपत्ति फ्रीज, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
सुनवाई के बाद 20 और 21 अप्रैल को नई दिल्ली के सक्षम प्राधिकारी ने आदेश जारी करते हुए इन गाड़ियों को अवैध संपत्ति मानते हुए फ्रीज कर दिया। इसमें पहले मामले की स्प्लेंडर बाइक और वैगनआर कार, जबकि दूसरे मामले में वाहन संख्या UP25GT2501 शामिल है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ड्रग माफियाओं के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
