1.5 करोड़ स्वीकृत, लेकिन घटिया काम उजागर, निरीक्षण के दौरान कई खामियां मिलीं, मंत्री बोले– बच्चों के भविष्य से समझौता नहीं होगा
बरेली : यूपी के बरेली देहात के भोजीपुरा के गांव गोपालपुर स्थित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालक) की मरम्मत में धांधली उजागर होने पर समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण कड़े तेवर में नजर आए। निरीक्षण के दौरान मंत्री को टाइल्स से लेकर भवन मरम्मत तक कई कमियां मिलीं। गुणवत्ता से नाराज़ होकर उन्होंने आउटसोर्सिंग पर तैनात जेई माज खान की सेवाएं तत्काल समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए।
1.5 करोड़ की मंजूरी, लेकिन काम में लापरवाही
सरकार ने इस विद्यालय की मरम्मत और सुधार कार्यों के लिए 1.5 करोड़ स्वीकृत किए थे। मकसद था बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना, लेकिन मौके पर मंत्री को काम ढीला -ढाला और मानकों से नीचे मिला। उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि आगे का काम तय गुणवत्ता और समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
मंत्री का सख्त संदेश
निरीक्षण के बाद मंत्री असीम अरुण ने कहा “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बच्चों के लिए यह राशि दी है,ताकि उन्हें पढ़ाई के साथ अच्छा भोजन, फर्नीचर और रहने की सुविधा मिले। लापरवाही बेहद गंभीर है। बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा।”
प्रदेश में 101 सर्वोदय विद्यालय संचालित
फिलहाल समाज कल्याण विभाग प्रदेश में 101 सर्वोदय विद्यालय चला रहा है, जिनमें गरीब परिवारों के बच्चों को कक्षा 6 से 12 तक आवासीय और शैक्षिक सुविधाएं दी जाती हैं। भोजीपुरा में लापरवाही उजागर होने के बाद अब संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई तय मानी जा रही है।
