तेज लपटों ने मिनटों में उड़ाया लाखों का सामान, दो दुकानें जली
बरेली : शहर के बरेली कॉलेज के सामने रविवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रुई की दुकान में अचानक लगी भीषण आग कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले गई और पास में स्थित किताबों का खोखा भी आग की चपेट में आकर जलकर राख हो गया। घटना में लाखों का सामान नष्ट हो गया, हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सुबह दुकान से धुआँ उठते ही स्थानीय लोग बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश करने लगे, लेकिन रुई तेजी से आग पकड़ती है, इसलिए लपटें कुछ ही पल में विकराल हो गईं।
तेज हवा से फैली आग

बताया जाता है कि तेज हवा और रुई की वजह से आग फैलकर बगल के नीटू की किताबों के खोखे तक पहुंच गई और पूरा खोखा जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही एफएसओ संजीव यादव के नेतृत्व में फायर टीम मौके पर पहुँची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एफएसओ श्री यादव ने बताया कि आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। रुई होने के कारण आग तेजी से फैली। दोनों दुकानों में भारी आर्थिक नुकसान
लाखों का नुकसान, जनहानि नहीं
सौभाग्य से घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन रुई की दुकान, किताबों का खोखा, दोनों ही पूरी तरह जल गए। दुकानदारों के अनुसार नुकसान लाखों रुपये में है। पुलिस और दमकल विभाग आग के कारणों की संयुक्त जांच कर रहे हैं।
