कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए बरेली पुलिस में बदलाव, नए प्रभार संभालेंगे अफसर
बरेली : जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एसएसपी बरेली अनुराग आर्य ने पुलिस विभाग में अहम प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फेरबदल के तहत चार थाना क्षेत्रों के इंस्पेक्टरों के तबादले किए गए हैं। एसएसपी के इस कदम को प्रशासनिक मजबूती और कार्यप्रणाली में सुधार के रूप में देखा जा रहा है। जारी आदेश के अनुसार, फतेहगंज पश्चिमी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अभिषेक सिंह को उनके वर्तमान पद से हटाकर पुलिस लाइन बरेली भेजा गया है। वहीं, प्रेमनगर थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर प्रयागराज सिंह को फतेहगंज पश्चिमी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नवाबगंज के इंस्पेक्टर क्राइम को क्योलड़िया का जिम्मा
इसके अलावा, क्योलड़िया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजबली को स्थानांतरित कर प्रेमनगर थाना प्रभारी बनाया गया है, जबकि नवाबगंज थाने में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम देव सिंह को अब क्योलड़िया थाना प्रभारी के रूप में नई तैनाती दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह तबादले प्रशासनिक आवश्यकता और कार्यकुशलता को ध्यान में रखते हुए किए गए हैं। एसएसपी बरेली ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना, अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी। नए प्रभार संभालने वाले अधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय पुलिसिंग और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करें।
समीक्षा के बाद बदलाव
बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में थाना स्तर पर कार्यप्रणाली की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया। पुलिस महकमे में हुए इस फेरबदल को लेकर विभागीय स्तर पर हलचल भी देखी जा रही है। एसएसपी बरेली के इस कदम को जिले में कानून व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
