बरेली: शहर के थाना बारादरी क्षेत्र में 15 जून को हुए चर्चित अर्जुन हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मुख्य आरोपी अर्पित उर्फ पहाड़ी को पुलिस ने सुबह-सुबह मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जिसके चलते जवाब में पुलिस ने कार्रवाई की। इस दौरान उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया तमंचा और कारतूस भी बरामद किए हैं,जबकि उसका साथी कुश मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
हत्या के बाद से लगातार तलाश में थीं चार टीम
15 जून की रात थाना बारादरी क्षेत्र के संजयनगर में अर्जुन मौर्य की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के परिजनों ने अर्पित मौर्य, कपिल और कुश पर अर्जुन को घर से बुलाकर मंदिर के पास ले जाने और वहां गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना बारादरी, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त चार टीमें लगातार दबिश दे रही थीं।
मुखबिर की सूचना पर एफसीआई गोदाम के पास हुई घेराबंदी
गुरुवार को पुलिस डोहरा चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अर्जुन हत्याकांड के वांछित आरोपी अर्पित और कुश हारुन नगला रोड से होकर भागने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एफसीआई गोदाम के पास घेराबंदी कर दी। कुछ देर बाद दोनों आरोपी पैदल आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर वे भागने लगे, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में आरोपी। घायल
पुलिस के अनुसार खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अर्पित उर्फ पहाड़ी के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा। हालांकि उसका साथी कुश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हत्या में इस्तेमाल तमंचा बरामद, आरोपी ने कबूला जुर्म
गिरफ्तार आरोपी अर्पित के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि इसी तमंचे से अर्जुन की हत्या की गई थी। उसने बताया कि हत्या के बाद वह और उसका साथी कुश बरेली छोड़कर भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के मुकदमे के अलावा पुलिस मुठभेड़ और अवैध हथियार रखने के मामले में भी अलग मुकदमा दर्ज किया है। वहीं फरार आरोपी कुश की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
