वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सीधे अधिकारियों से जुड़ेंगे फरियादी, जवाबदेही होगी तय
बरेली : यूपी के बरेली में जनशिकायतों के त्वरित और पारदर्शी निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू की है। डीएम अविनाश सिंह ने अब जनता दर्शन व्यवस्था को हाईटेक बनाते हुए इसे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ दिया है। नई व्यवस्था के तहत फरियादी की शिकायत पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से लाइव संवाद कराया जाएगा और शिकायत के निस्तारण की निगरानी स्वयं डीएम करेंगे। प्रशासन का कहना है कि इस प्रणाली से शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता बढ़ेगी और अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी। साथ ही आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
भ्रष्टाचार पर लगेगी लगाम
डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सुशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘लाइव जनता दर्शन’ व्यवस्था भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मददगार साबित होगी। नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब फरियादियों की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई और विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सीधी निगरानी संभव हो सकेगी।
