बरेली : यूपी के बरेली देहात के आंवला क्षेत्र में शुक्रवार को ओवरलोड डम्परों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक डम्पर चालक ने पुलिस और एआरटीओ प्रवर्तन टीम को कुचलने की कोशिश कर दी। चालक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए तेज रफ्तार में फरार हो गया। इस घटना में कई पुलिसकर्मी और राहगीर बाल-बाल बच गए। पुलिस ने डम्पर को कब्जे में लेकर हेल्पर को हिरासत में लिया है, जबकि फरार चालक की तलाश जारी है।जानकारी के अनुसार यात्रीगण अधिकारी बरेली और एआरटीओ प्रवर्तन की संयुक्त टीम आंवला क्षेत्र में ओवरलोड डम्पर ट्रकों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वजीरगंज इलाके में अधिकारियों ने एक संदिग्ध ओवरलोड डम्पर को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन रोकने के बजाय तेज गति से भाग निकला।
पुलिस वाहन को मारने की कोशिश, मची अफरा-तफरी
डम्पर चालक ने पीछा कर रही पुलिस टीम की गाड़ी को भी साइड मारने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम सिंह भी मौके पर पहुंचे, और कई स्थानों पर नाकाबंदी कर डम्पर को रोकने की रणनीति बनाई गई। रेहड़िया चौकी पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर डम्पर रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने बैरिकेडिंग में जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक डम्पर बैरिकेडिंग को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और राहगीरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
घेराबंदी के बाद डम्पर छोड़कर भागा चालक
बताया जा रहा है कि चालक डम्पर को सैदपुर होते हुए वगरैन-करेगी मार्ग की तरफ लेकर भागा। पुलिस ने दोनों ओर से घेराबंदी की तो चालक मौके पर डम्पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेते हुए हेल्पर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फरार चालक ने रास्ते में कई अन्य वाहनों को भी टक्कर मारने की कोशिश की, लेकिन गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई
पुलिस इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी चालक की तलाश की जा रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम सिंह ने बताया कि घटना आंवला थाना क्षेत्र की है, इसलिए आगे की कार्रवाई संबंधित थाने में की जाएगी।
