बरेली: यूपी के बरेली में किसानों की समस्याओं को लेकर किसान एकता संघ ने कलेक्ट्रेट परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रवि नागर के नेतृत्व में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल हुए। प्रदर्शन के बाद किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर भोजीपुरा टोल प्लाजा कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डेयरियों को लेकर टोल प्लाजा कर्मियों पर उत्पीड़न का आरोप
किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री रवि नागर ने आरोप लगाया कि हवाई अड्डे के पास स्थित दूध की डेयरियों का संचालन करने वाले किसानों को भोजीपुरा टोल प्लाजा के कर्मचारी लगातार परेशान कर रहे हैं। उनका कहना है कि टोल प्लाजा कर्मी बार-बार अतिक्रमण का हवाला देकर किसानों पर दबाव बना रहे हैं, जिससे किसान भय और तनाव में जीने को मजबूर हैं।
जेसीबी लेकर पहुंचने से बढ़ा विवाद, किसानों में रोष
रवि नागर ने बताया कि टोल प्लाजा के कर्मचारी कई बार जेसीबी मशीन लेकर डेयरियों पर पहुंच जाते हैं, और सरकारी जमीन का हवाला देते हुए डेयरियों को तत्काल खाली करने की चेतावनी देते हैं। उन्होंने बताया कि 7 फरवरी को भी टोल कर्मी जेसीबी के साथ मौके पर पहुंचे, जिससे वहां मौजूद किसानों में भारी आक्रोश फैल गया और विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।
रोज़ी-रोटी पर सीधा हमला, बर्दाश्त नहीं करेगी किसान एकता संघ
किसान एकता संघ का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से किसानों की रोज़ी-रोटी पर सीधा असर पड़ रहा है। दूध उत्पादन और डेयरी व्यवसाय से जुड़े किसान पहले ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और ऐसे में टोल प्लाजा कर्मियों की यह मनमानी किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग
किसानों ने सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि टोल प्लाजा कर्मियों की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसान एकता संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा।
