बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। बदमाशों ने फन सिटी के सामने से एक युवक को जबरन क्रेटा कार में डालकर अगवा कर लिया था, और उसके ही मोबाइल से परिवार वालों से एक लाख रुपये की फिरौती मांगने लगे। पूरी रात आरोपी युवक को कार में लेकर घूमते रहे, लेकिन पुलिस की सक्रियता से युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ है, जबकि तीन आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
फन सिटी के पास से जबरन कार में उठाकर ले गए युवक
पुलिस के मुताबिक 9 मई की रात करीब 9.30 बजे इज्जतनगर थाना क्षेत्र की बैरियर टू चौकी पर सूचना मिली कि कुछ लोग क्रेटा कार में एक युवक को जबरन उठाकर ले गए हैं। अपहृत युवक की पहचान भुता थाना क्षेत्र के सिसैया गांव निवासी 24 वर्षीय अभिषेक के रूप में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तुरंत दो टीमें बनाकर युवक की तलाश शुरू कर दी। अगले दिन ललित नाम के व्यक्ति की तहरीर पर थाना इज्जतनगर में मुकदमा दर्ज किया गया।
गाली-गलौज और मारपीट के बाद किया अपहरण
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी उमाशंकर ने पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों आकाश गंगवार, हरनेश गंगवार और विमल गंगवार के साथ कार से बरेली आ रहा था। इसी दौरान पीलीभीत बाईपास रोड पर उनकी कार अभिषेक और उसके दोस्तों की बाइक के पास से निकली, जिस पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज हो गई। इसके बाद आरोपी कार से उतरे और अभिषेक व उसके दोस्तों से मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने अभिषेक को जबरदस्ती कार में डाल लिया और उसके हाथ पीछे बांध दिए।
युवक के मोबाइल से मांगी 1 लाख की फिरौती
आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए अपने फोन का इस्तेमाल नहीं किया। उन्होंने अभिषेक के ही मोबाइल से उसके दोस्तों और परिवार वालों को कॉल करवाई और एक्सीडेंट का बहाना बनाकर एक लाख रुपये मांगने लगे। आरोपियों ने पैसे मंगाने के लिए एक QR कोड भी भेजा। पुलिस के मुताबिक अभिषेक के दोस्तों ने दो बार में 1 रुपये और 1000 रुपये भी ट्रांसफर किए थे। आरोपी पूरी रात युवक को कार में लेकर इधर-उधर घूमते रहे और बाकी पैसों का इंतजार करते रहे।
पुलिस पीछा करती रही, जंगल में पकड़ में आया आरोपी
10 मई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी युवक को लेकर वैसपुर गुलड़िया की तरफ जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर क्रेटा कार का पीछा शुरू कर दिया। पुलिस को देखकर आरोपी कार को तेज रफ्तार में जंगल की तरफ ले गए। इस दौरान तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन पुलिस ने उमाशंकर को कार समेत पकड़ लिया। पुलिस ने अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर मेडिकल परीक्षण के बाद परिवार के हवाले कर दिया।
कार, मोबाइल और हाथ बांधने वाली टी-शर्ट बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई क्रेटा कार, दो मोबाइल फोन, युवक के हाथ बांधने में इस्तेमाल की गई टी-शर्ट और फिरौती मांगने में इस्तेमाल किया गया QR कोड बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी उमाशंकर के खिलाफ पहले भी चोरी समेत अन्य मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
