बरेली/किशनगंज : काजी-ए- हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रजा खां की तरफ से जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय महासचिव फरमान हसन खान ने बिहार के किशनगंज पहुंचकर मरहूम आलिम-ए-दीन मौलाना तौसीफ रज़ा मज़हरी के परिवार से मुलाकात की और पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी। यह मदद मौलाना की पत्नी और पिता को ढाई-ढाई लाख रुपये के रूप में दी गई। फरमान मियां के किशनगंज पहुंचने पर सैकड़ों उलेमाओं और अकीदतमंदों ने उनका जोरदार स्वागत किया।बागडोगरा एयरपोर्ट से लेकर गांव तक लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही। पूरे इलाके में मोहब्बत, भाईचारे और अहले सुन्नत की एकजुटता का माहौल देखने को मिला। मौलाना की उर्स ए ताजुश्शरिया से लौटने के दौरान ट्रेन में कथित रूप से हत्या हो गई थी। इसका मुकदमा बरेली जंक्शन जीआरपी थाने में हुआ था।
मोहब्बत और भाईचारे का पैगाम
काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती असजद रज़ा खान के निर्देश पर पहुंचे फरमान मियां ने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।उन्होंने कहा कि यह सहायता सिर्फ आर्थिक मदद नहीं, बल्कि उलेमा के प्रति सम्मान और कौम की एकजुटता का प्रतीक है। फरमान मियां ने कहा कि उलेमा समाज को रूहानी रहनुमाई देते हैं, इसलिए उनके परिवारों का सहारा बनना पूरी कौम की जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा आगे भी हर परिस्थिति में परिवार के साथ खड़ी रहेगी।
किशनगंज में उमड़ा जनसैलाब
परिवार से मुलाकात के बाद फरमान हसन खान ने किशनगंज के कई सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भी शिरकत की। इस दौरान बड़ी संख्या में उलेमा, सामाजिक कार्यकर्ता और अकीदतमंद मौजूद रहे।
