बरेली : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की पुण्यतिथि (शहीद दिवस) के अवसर पर बरेली के चौकी चौराहा स्थित महात्मा गांधी प्रतिमा पार्क में चल रहा किसानों का अनिश्चितकालीन सत्याग्रह और धरना प्रदर्शन शुक्रवार को 14वें दिन में प्रवेश कर गया। इस मौके पर किसानों ने साफ संदेश दिया कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक संघर्ष और तेज किया जाएगा।सत्याग्रह की शुरुआत गांधी जी के प्रिय वैष्णव भजन, “वैष्णव जन तो तेने कहिए जे पीड़ पराई जाणे रे…”से की गई। भजन के माध्यम से सत्य, अहिंसा, करुणा और पीड़ितों के प्रति संवेदना के मूल गांधीवादी मूल्यों को दोहराया गया।
जानें क्या है पूरा मामला
यह सत्याग्रह उत्तर प्रदेश बीज विकास निगम के ग्राम बगरैन (थाना बजीरगंज, जिला बदायूं) स्थित गोदाम से लगभग 10 हजार क्विंटल धान-गेहूं/बीज के कथित रूप से गायब होने के मामले को लेकर किया जा रहा है। किसानों के अनुसार इस बीज की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ रुपये है, जो 4 हजार से अधिक किसानों और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) से जुड़ी है। किसानों का आरोप है कि यह लूट, धोखाधड़ी और गबन स्थानीय पुलिस की संभावित मिलीभगत से संभव हुआ। थाना बजीरगंज में तहरीर देने के बावजूद अब तक कोई FIR दर्ज नहीं की गई, जिसके चलते मजबूर होकर किसानों ने सत्याग्रह का रास्ता अपनाया।
राष्ट्रपति भवन तक पहुंची आवाज, फिर भी कार्रवाई शून्य
किसानों ने बताया कि राष्ट्रपति भवन द्वारा याचिका स्वीकार किए जाने के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है और आंदोलन और अधिक दृढ़ होता जा रहा है।
गांधी जी के शहीद दिवस पर किसानों का संकल्प
किसानों ने सर्वसम्मति से दो टूक संकल्प लिया कि यह आंदोलन सत्य, अहिंसा और अडिग संघर्ष के गांधीवादी सिद्धांतों पर आधारित रहेगा। प्रभावित किसानों को उनका पूरा हक और 4 करोड़ रुपये की भरपाई लेकर ही आंदोलन समाप्त होगा
जानें क्या बोले नेता
आंदोलन के संयोजक और किसान नेता डॉ. हरीश गंगवार ने कहा-“कोई भी किसान पीछे नहीं हटेगा। अब रणनीतिक रूप से आंदोलन को और तेज किया जाएगा।” महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश दद्दा एडवोकेट ने कहा-“प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभाग तत्काल निष्पक्ष जांच शुरू करें, दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो, गायब बीज और राशि की वसूली की जाए और किसानों को उनका न्यायपूर्ण हक मिले।”उन्होंने मीडिया, जनप्रतिनिधियों और समाज के सभी संवेदनशील वर्गों से इस आंदोलन को समर्थन देने की अपील भी की।
आंदोलन को मिला व्यापक समर्थन
आज आंदोलन को मजबूती देने के लिए भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष विपिन पटेल,संयोजक डॉ. हरीश गंगवार, कृष्णकांत शर्मा, पंडित राज शर्मा, जगदीश सरन, ज़ाहिद अली, हरवीर सिंह बाबी, रमेश चंद्र नरायन, ओम पाल गंगवार, कमरुद्दीन सैफी, उल्फत सिंह कठेरिया, प्रो. यश पाल सिंह, कमर गनी, अनिल पांडेय, तनवीर अहमद, किसान नेता रविंद्र चौधरी, दिनेश कुमार, साहिब सिंह, महेंद्र पाल गंगवार, विनोद कुमार, आशीष कुमार, जितेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान व सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
