बरेली : शहर के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों संजय गंगवार, तेजपाल और राजकुमार उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से बने और अधबने तमंचे, कारतूस और हथियार बनाने के उपकरण बरामद हुए हैं।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस टीम रात गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी सूचना मिली कि जनकपुरी की पुरानी रेलवे लाइन के पास कुछ लोग अवैध तमंचे बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को मौके से पकड़ लिया।
मौके से तमंचे, कारतूस और उपकरण बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने मौके से 5 अवैध देशी तमंचे बरामद किए, जिनमें 315 बोर के बने और अधबने तमंचे शामिल हैं, साथ ही 12 बोर का एक तमंचा और 3 जिंदा कारतूस भी मिले। इसके अलावा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले औजार और कोयले की भट्टी भी मौके से बरामद की गई।
पूछताछ में खुलासा, लंबे समय से चल रहा था धंधा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कम पढ़े-लिखे हैं और अवैध तमंचे बनाकर बेचते थे। इससे होने वाले मुनाफे को आपस में बांटकर अपने परिवार का खर्च चलाते थे। पुलिस के मुताबिक, यह काम वे काफी समय से कर रहे थे।
आर्म्स एक्ट में केस दर्ज, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 5/25 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी शुरू कर दी गई है।
