बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लाखों में बताई जा रही है।पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
परौरा मोड़ से दबोचे गए दोनों आरोपी
पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी सूचना पर परौरा मोड़ के पास कार्रवाई की गई। यहां से सालिम और नवेद नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 711 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है।
पूछताछ में बड़ा खुलासा, कई साथी शामिल
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले 4-5 साल से स्मैक बनाने और बेचने का काम कर रहे थे। इस धंधे में उनके कई अन्य साथी भी शामिल हैं, जो मिलकर स्मैक तैयार करते और बेचते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे मुरादाबाद से कच्चा माल खरीदते थे और मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
एनडीपीएस एक्ट में केस दर्ज, आगे की जांच जारी
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जा रहा है और पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
