बरेली : छावनी परिषद, बरेली ने पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहयोग की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए RRR (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर का नियमित संचालन शुरू किया है। यह कार्य सीईओ डॉक्टर तनु जैन की कोशिशों के बाद शुरू हुआ है। इस पहल का उद्देश्य लोगों के घरों में पड़ी अनुपयोगी लेकिन अच्छी स्थिति वाली वस्तुओं को जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाना है।
किताबें, कपड़े, बर्तन… सब बन रहे सहारा
इस सेंटर के माध्यम से नागरिकों को प्रेरित किया जा रहा है कि वे पुराने कपड़े, किताबें, खिलौने, बर्तन और अन्य उपयोगी सामग्री दान करें।परिषद द्वारा इन वस्तुओं को एकत्र कर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों में वितरित किया जा रहा है, जिससे उन्हें सीधा लाभ मिल रहा है।
स्वच्छता के साथ सामाजिक सहयोग का संदेश
यह पहल न सिर्फ जरूरतमंदों की मदद कर रही है, बल्कि संसाधनों के संरक्षण, कचरा कम करने और पर्यावरण बचाने का भी संदेश दे रही है। “Reduce, Reuse, Recycle” के सिद्धांत को अपनाकर छावनी परिषद एक स्वच्छ और जागरूक समाज की ओर कदम बढ़ा रही है।
लोगों से बढ़-चढ़कर भागीदारी की अपील
छावनी परिषद ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़ें और अधिक से अधिक वस्तुएं दान कर इस जनहितकारी पहल को सफल बनाएं। यह पहल बरेली में पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का बेहतरीन उदाहरण बनकर उभर रही है।
