बरेली : यूपी के बरेली की फरीदपुर तहसील के ग्राम टिसुआ में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन पूर्व विधायक विजयपाल सिंह के सहयोग से किया गया। इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वास्थ्य जांच और मुफ्त दवाइयों का लाभ उठाया। पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि अच्छी सेहत कुदरत की नेमत है। हर इंसान को सेहत का ख्याल रखना चाहिए। बेहतर सेहत को समय से खान पान, नींद, और कोई दिक्कत होने पर लापरवाही न बरतने की सलाह दी। बोले – विशेषज्ञ चिकित्सक से ही इलाज कराने की सलाह दी।
बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की हुई स्वास्थ्य जांच

स्वास्थ्य शिविर का संचालन अमृत धारा मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अजयपाल सिंह एवं डॉ. हर्षा सिंह के निर्देशन में किया गया। शिविर के दौरान बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की विभिन्न बीमारियों की जांच की गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
स्वस्थ जीवनशैली को लेकर दी गई अहम सलाह

चिकित्सकों ने ग्रामीणों को समय -समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार अपनाने और नियमित दिनचर्या बनाए रखने की सलाह दी। डॉक्टरों ने कहा कि समय रहते जांच और सही जीवनशैली अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने टीम का जताया आभार

इस अवसर पर पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने अमृत धारा हॉस्पिटल के एमडी डॉ. अजयपाल सिंह, डॉ. हर्षा सिंह और उनकी पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आम जनता के लिए बेहद उपयोगी साबित होते हैं और ऐसे प्रयास लगातार होते रहने चाहिए।
ग्रामीणों में दिखा जबरदस्त उत्साह
स्वास्थ्य शिविर में ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक रहा। बड़ी संख्या में लोग शिविर स्थल पर पहुंचे और स्वास्थ्य जांच व दवाइयों का लाभ लिया। ग्रामीणों ने इस जनहितकारी पहल के लिए अस्पताल प्रबंधन और आयोजन से जुड़े सभी लोगों की सराहना की।
