बरेली : BJP के वरिष्ठ नेता और पूर्व जिलाध्यक्ष पूरनलाल लोधी को हिस्ट्रीशीटर सुभाष लोधी द्वारा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूरा मामला क्षेत्र में दहशत फैला रहा है। हालांकि, आरोपी ने भाजपा नेता पर झूठे मुकदमे दर्ज करने समेत तमाम आरोप लगाए हैं।
सुबह 10 बजे कॉल-“बाहर निकल… आज तेरा कत्ल कर दूंगा”

पूरनलाल लोधी के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। फोन उठाते ही आवाज आई- “मैं तेरा काल सुभाष लोधी बोल रहा हूँ… बाहर निकल, आज तेरा कत्ल कर दूंगा!”धमकी मिलते ही वरिष्ठ नेता ने तुरंत दरवाजे-खिड़कियां बंद कर लीं और नंबर ब्लॉक कर दिया।
नंबर ब्लॉक करते ही आरोपी गली में पहुँच गया-गालियां, धमकियां,रंगदारी की मांग
नंबर ब्लॉक करने के तुरंत बाद सुभाष लोधी खुद गली में पहुंच गया। गली में खड़े होकर वह जोर-जोर से गालीगलौज करने लगा और बोला “पूरनलाल! भाजपा का बड़ा नेता बनता है! हमारे मुकदमों का खर्चा दें।।10-20 हजार में कुछ नहीं होता! नहीं देगा तो जान से ख़त्म कर देंगे!”
परिवार को घेरा, बच्चों व महिलाओं से मारपीट का आरोप
पीड़ित पूरनलाल ने बताया कि जब वे दूसरे दरवाजे से झांककर देखने निकले, तो देखा कि सुभाष और उसके साथी उनके तहेरे भाई की पत्नी और बच्चों को पीट रहे थे। इसे देखकर वे अंदर लौट आए और दरवाजा बंद कर लिया। मोहल्ले के कई लोगों ने यह दृश्य देखा, लेकिन किसी ने गवाही देने की हिम्मत नहीं की, क्योंकि सभी आरोपी के आतंक से सहमे हुए हैं।
शाम 5 बजे 9 मिनट का लाइव वीडियो,गाली और धमकी सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के कुछ घंटे बाद शाम में सुभाष लोधी ने अपने फोन से 9 मिनट 14 सेकंड का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया। इस लाइव में वह खुलेआम गाली दे रहा था। इसमें धमकियां दे रहा था। खुद को पूरनलाल का “काल” बता रहा था। पूरनलाल ने वीडियो और अन्य साक्ष्य पेन ड्राइव में सेव कर पुलिस को सौंप दिए हैं।
“दो बार 20-20 हजार रुपये दे चुका हूँ… फिर भी रंगदारी मांगते हैं”
पीड़ित ने बताया कि कि दो बार दबाव में आकर 20-20 हजार रुपये आरोपी के परिवार को दे चुके हैं।इसके बाद भी सुभाष और उसके साथी फिर से जबरन वसूली (रंगदारी) की मांग कर रहे हैं। तहरीर में दर्ज विवरण के मुताबिक सुभाष लोधी हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर है। उस पर करीब 15-18 संगीन मुकदमे हैं। 22 जून 2024 के ‘सौ फुटा गोलीकांड’ का मुख्य आरोपी है। उसके पिता सोमपाल पर 11 मुकदमे, जिला बदर हैं। मां आनंदी व भाई सोमेश पर भी कई मुकदमे हैं। वंश राजपूत सहित कई गैंगों से मजबूत नेटवर्क है। पूरनलाल का कहना है कि “यह गैंग किसी भी वक्त मेरा कत्ल कर सकता है।”
गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई, सुरक्षा की मांग
पूरनलाल लोधी ने थाना सीबीगंज में पत्र देकर मांग की है कि सुभाष लोधी और गिरोह पर गैंगस्टर एक्ट लगे हैं। परिवार को सुरक्षा दी जाए। आरोपी को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली है, आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
