यात्रियों की मुश्किलें दोगुनी, 28 गाड़ियां पहले से निरस्त, अब 16 और बंद
बरेली : उत्तर रेलवे (एनआर) के मुरादाबाद मंडल ने कोहरे के मौसम में सुरक्षित संचालन को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा कदम उठाया है। 1 दिसंबर 2025 से 28 फरवरी 2026 तक 16 मेमू और पैसेंजर ट्रेनें पूरी तरह बंद रहेंगी। इससे बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, मुरादाबाद, गाजियाबाद और दिल्ली रूट पर रोजाना यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को सीधा असर पड़ेगा। इससे पहले बरेली होकर गुजरने वाली 28 नियमित ट्रेनें पहले ही कोहरे के कारण निरस्त की जा चुकी हैं। अब इन 16 ट्रेनों को भी बंद किए जाने से लोकल यात्रियों की दिक्कतें और बढ़ेंगी। मगर, यात्रियों की सहूलियत को स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है।
तीन महीने बंद रहने वाली प्रमुख ट्रेनें
सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने मीडिया को बताया कि निम्न ट्रेनों को 3 महीनों के लिए अस्थायी रूप से बंद किया जाएगा। इसमें यह ट्रेन हैं 64175/76 रोजा-बरेली मेमू, 64177/78 बरेली-मुरादाबाद मेमू, 54075/76 बरेली-दिल्ली पैसेंजर, 64553/54 मुरादाबाद-गाजियाबाद मेमू, 54331/32 बालामऊ-लखनऊ पैसेंजर, 54330 लखनऊ- शाहजहांपुर पैसेंजर, 54327 शाहजहांपुर-लखनऊ पैसेंजर हैं। इस तरह से कुल 16 मेमू/पैसेंजर ट्रेनें 90 दिन तक नहीं चलेंगी। डीसीएम के अनुसार “यात्रियों की भीड़ को देखते हुए नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त सामान्य कोच लगाए जाएंगे।”
जम्मू रूट पर बड़ा बदलाव, 2 दिन का ब्लॉक
जम्मू मंडल के जम्मूतवी-पठानकोट रेलखंड पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 18 और 19 नवंबर को दो दिन का ब्लॉक रहेगा। इसका सीधा असर बरेली होकर चलने वाली जम्मू रूट की ट्रेनों पर पड़ेगा। जिसके चलते 12355/56 पटना-जम्मूतवी अर्चना एक्सप्रेस, 18 और 19 नवंबर को जम्मूतवी के बजाय केवल पठानकोट तक चलेगी,पठानकोट- जम्मूतवी के बीच सेवा पूरी तरह निरस्त रहेगी। 14610 श्री माता वैष्णोदेवी कटरा-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, 19 नवंबर को कटरा से 60 मिनट की देरी से चलेगी। इसके अलावा रास्ते में कई स्टेशनों पर 30 मिनट तक नियंत्रित किया जाएगा।
यात्रियों पर असर-सबसे बड़ा संकट लोकल रूट पर
रोजाना बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, लखनऊ और दिल्ली आने–जाने वाले यात्रियों को विकल्प कम मिलेंगे। मेमू–पैसेंजर बंद होने से कर्मचारियों, छात्रों और कामकाजी लोगों पर सीधा असर। भीड़ बढ़ेगी, किराया बढ़ने की आशंका भी। रेलवे ने वैकल्पिक व्यवस्था के लिए “अतिरिक्त कोच” जोड़ने की तैयारी शुरू की है।
