नोएडा : यूपी एसटीएफ की नोएडा यूनिट ने ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र से एक ऐसे शातिर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को रॉ अधिकारी और कभी मेजर अमित बताकर लोगों को ठग रहा था। आरोपी के पास से बड़ी मात्रा में फर्जी दस्तावेज़ और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए हैं। एसटीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आरोपी का दिल्ली ब्लास्ट से कोई संबंध नहीं है, वह सिर्फ धोखाधड़ी में लिप्त था।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में छापा मारा, जहां आरोपी सुनीत कुमार पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से ‘कैबिनेट सेक्रेट्रिएट, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया’ लिखा फर्जी आई-कार्ड मिला। इस कार्ड पर वह खुद को ज्वाइंट सेक्रेटरी और डायरेक्टर (ऑपरेशंस), नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल बताता था। RAW विभाग से पुष्टि पर यह आई-कार्ड पूरी तरह फर्जी पाया गया।
आरोपी के फ्लैट से 2 फर्जी सरकारी आईडी, 20 चेक बुक, 8 क्रेडिट/डेबिट कार्ड, 5 पैन कार्ड, 2 आधार कार्ड, 3 वोटर आईडी कार्ड, 17 एग्रीमेंट, एक फर्जी दिल्ली पुलिस वेरिफिकेशन लेटर, 3 लैपटॉप, 2 टैबलेट और कई अन्य दस्तावेज़ बरामद हुए। उसने एक फर्जी कंपनी भी बनाई थी, जिसके जरिए निवेश के नाम पर ठगी की जा रही थी।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अपने झांसे में एक महिला जज को भी लेकर शादी कर ली थी और अलग-अलग सोसायटी में कभी मेजर अमित, कभी रॉ अधिकारी बनकर रहता था। मकान मालकिन मंजू गुप्ता ने बताया कि किरायेदार ने अपना नाम मेजर अमित कुमार बताया था और दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर के लेटरहेड वाला वेरिफिकेशन लेटर भी दिया था, जो अब फर्जी साबित हुआ है।
शक होने पर एसटीएफ ने RAW अधिकारियों को बुलाया और पूरा मामला सामने आया। आरोपी के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसटीएफ उसकी ठगी के नेटवर्क और फर्जी कंपनी की गतिविधियों की गहराई से जांच कर रही है।
