बरेली : उर्स-ए-आला हजरत के दौरान मंगलवार शाम 15-20 युवक सड़क पर निकलकर भड़काऊ नारे लगाने लगे। यह घटना पुराना रोडवेज बस स्टैंड से नावल्टी चौराहे की ओर जाते वक्त की बताई जाती है। कुछ ही देर बाद इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसमें भड़काऊ नारे हैं। वीडियो सामने आते ही इलाके के लोगों ने नाराजगी जताई। हालांकि, मौके पर पहुंचे समाज के संभ्रांत लोगों और पुलिस की तत्परता से स्थिति नियंत्रण में आ गई।
चौकी प्रभारी ने दर्ज कराया मुकदमा
कुतुबखाना चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार की तहरीर पर पुलिस ने 20 अज्ञात युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। आरोप है कि इन युवकों ने जानबूझकर धार्मिक उन्माद फैलाने और दोनों समुदायों के बीच कटुता पैदा करने की कोशिश की। कोतवाली इंस्पेक्टर अमित कुमार पांडे ने मीडिया को बताया कि पुलिस वायरल वीडियो की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान की जा रही है।
शहर का माहौल बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसएसपी अनुराग आर्य ने साफ कहा है कि शहर का माहौल बिगाड़ने वालों पर किसी भी हाल में सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
