बरेली : देहात की फरीदपुर तहसील क्षेत्र में बुधवार रात एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चकबंदी विभाग के लेखपाल अजय तेवतिया को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई रात करीब नौ बजे की गई। आरोपी लेखपाल पर किसानों को मनचाहा चक दिलाने का झांसा देकर मोटी रकम वसूलने के गंभीर आरोप हैं।जानकारी के अनुसार, अजय तेवतिया फरीदपुर क्षेत्र के मल्लहपुर और रहपुरा गांवों में चकबंदी कार्य देख रहा था। इन गांवों में वर्ष 2010 से चकबंदी प्रक्रिया चल रही है।
मनचाहा चक दिलाने के नाम पर वसूली
किसानों का आरोप है कि लेखपाल जमीन के चक निर्धारण में मनमानी करता था और सुविधा अनुसार चक देने के बदले 20 हजार रुपये से लेकर दो लाख रुपये तक की मांग करता था। बताया जा रहा है कि किसान कबीरुल हसन, जाकिर अली और मोहम्मद उवैस ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी।शिकायत में आरोप लगाया गया कि लेखपाल लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। शिकायत के सत्यापन के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया और बुधवार रात आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।
15 हजार रूपये की रिश्वत लेते पकड़ा
एंटी करप्शन टीम ने आरोपी लेखापाल को 15 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तारी किया है। इसके बाद टीम आरोपी को अपने साथ बरेली ले गई। यहां उससे पूछताछ की जा रही है।आरोपी अजय तेवतिया मूल रूप से बुलंदशहर का निवासी बताया गया है। वर्ष 2016 में सरकारी सेवा में आने के बाद से वह बरेली जिले में ही तैनात था। उसकी पत्नी भी सरकारी शिक्षक के पद पर कार्यरत है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर प्रवीन सान्याल ने मीडिया को बताया कि रिश्वत लेने के आरोप में आरोपी लेखपाल को गिरफ्तार किया गया है। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है। मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है और शिकायतकर्ताओं के आरोपों की भी पड़ताल होगी।
किसानों में कार्रवाई से खुशी, विभाग में मचा हड़कंप
चकबंदी विभाग में हुई इस कार्रवाई के बाद किसानों में राहत और खुशी का माहौल है। लंबे समय से भ्रष्टाचार की शिकायतों से परेशान ग्रामीणों ने एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई का स्वागत किया है। वहीं, विभागीय कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि चकबंदी प्रक्रिया के दौरान कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों पर अवैध वसूली के आरोप लगते रहे हैं, लेकिन कार्रवाई कम ही होती है। ऐसे में इस गिरफ्तारी से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
