मुरादाबाद : शहर के गलशहीद थाना क्षेत्र में बीते महीने हुई मारपीट का मामला अब एक नए मोड़ पर पहुंच गया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई की थी। अब इस मामले में दोनों पक्ष सुलह के लिए समाजवादी पार्टी के देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी के जनता दरबार पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बात रखी।
वायरल वीडियो को लेकर उठे सवाल
दोनों पक्षों ने विधायक के सामने साफ कहा कि जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,उसमें दिख रही महिलाएं उनके परिवार की नहीं हैं। उनका आरोप है कि इस वीडियो को गलत तरीके से पेश किया गया और इससे मामले को अनावश्यक रूप से बढ़ाया गया।
विधायक की छवि खराब करने का आरोप
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा जानबूझकर यह वीडियो वायरल किया गया है, ताकि देहात विधायक हाजी नासिर कुरैशी की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश की जा रही है।
दोनों पक्षों ने जताई समझौते की इच्छा
जनता दरबार में पहुंचे दोनों पक्षों ने आपसी विवाद को खत्म करने और समझौता कराने की गुहार लगाई। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनका विधायक से किसी भी तरह का पारिवारिक संबंध नहीं है और वे केवल न्याय व समाधान की उम्मीद से उनके पास पहुंचे हैं।
रिपोर्ट: रेहान
