फर्जी वसीयत का आरोप, 4 नामजद समेत कई के खिलाफ केस दर्ज, पुलिस जांच में जुटी
बरेली : शहर के बारादरी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर रंगदारी और धमकी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कुछ दबंगों ने खुद को माफिया से जुड़ा बताते हुए 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी। शहर के बुखारपुरा निवासी बच्चू के मुताबिक, 1100 वर्गगज जमीन में उनके ताऊ नन्हेंलाल की भी हिस्सेदारी थी। ताऊ की बीमारी के दौरान आरोपियों ने 1995 में फर्जी वसीयत तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की साजिश रची और बाद में 2008 में उसका बैनामा करा दिया।
जमीन पर जाने पर दी धमकी और मारपीट
पीड़ित का आरोप है कि जब भी वह अपनी जमीन पर जाते हैं,तो आरोपी उन्हें धमकाते हैं। 26 जनवरी 2026 को पत्नी के साथ जमीन देखने गए तो आरोपियों ने मारपीट कर अभद्रता की। आरोप है कि दबंगों ने खुद को माफिया अतीक के भाई अशरफ के साले सद्दाम का रिश्तेदार बताते हुए 20 लाख रुपये की मांग की। साथ ही धमकी दी कि पैसे नहीं दिए तो हत्या कर जमीन में ही दफन कर देंगे।
चार नामजद समेत कई पर केस दर्ज
इस मामले में बारादरी थाने में इस्माइल गद्दी, आसिफ गद्दी, हनीफ, इजराइल समेत चार नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।अधिकारियों का कहना है कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
