बरेली : शहर की कचहरी परिसर में लगातार लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए नई ट्रैफिक व्यवस्था लागू कर दी गई है। अब कचहरी परिसर में बड़े वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। इस पहल को बरेली बार एसोसिएशन की सलाह के बाद ट्रैफिक पुलिस अमल में लाया है। इस नई व्यवस्था की बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज हरित समेत सभी अधिवक्ताओं ने तारीफ की है।
बैरिकेडिंग और होमगार्ड तैनात
नई व्यवस्था के तहत कचहरी परिसर के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई है।ट्रैफिक पुलिस और होमगार्ड की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि बड़े वाहन अंदर प्रवेश न कर सकें और आम लोगों को जाम से राहत मिल सके।
अक्सर मुख्य सड़क पर वीआईपी मूवमेंट और न्यायिक अधिकारियों की गाड़ियों के जाम में फंसने की समस्या सामने आती थी, जिसे अब नियंत्रित करने की कोशिश की गई है।
अधिवक्ताओं ने की सराहना
बरेली बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज हरित ने कहा कि यह कदम आम जनता, अधिवक्ताओं और न्यायालय आने वाले पक्षकारों के हित में है। जाम की समस्या से निपटने के लिए इसे स्थायी व्यवस्था के रूप में लागू रखने की योजना बनाई गई है। उन्होंने कहा कि हमने एसएसपी और ट्रैफिक पुलिस से रिक्वेस्ट की थी। जिसके चलते हमारे सुझाव को मानकर ये व्यवस्था की गई है। जिसके चलते सुबह से जाम नहीं लगा है। हम लोग सहयोग के लिए खड़े हैं। इस दौरान बार के अध्यक्ष मनोज हरित समेत तमाम अधिवक्ता भी मौजूद रहे और व्यवस्था को सफल बनाने में प्रशासन का सहयोग किया।
