बरेली : यूपी के बरेली में रंगदारी मांगने के एक गंभीर मामले में थाना बारादरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जिला बदर घोषित अपराधी ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, और उस पर जनपद की सीमाओं में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा हुआ था। इसके बावजूद वह शहर में सक्रिय पाया गया। यह कार्रवाई बारादरी थाना पुलिस द्वारा की गई। पूरे घटनाक्रम की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मीडिया को दी।
जानें क्या है मामला?
शहर के थाना बारादरी क्षेत्र में रंगदारी मांगने की शिकायत पर एक FIR दर्ज की गई थी। जांच में सामने आया कि इस मामले में वांछित आरोपी ऋषभ ठाकुर है, जिसे पहले ही जिला बदर किया जा चुका था।जिला बदर आदेश के तहत आरोपी को बरेली की सीमा में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद उसकी शहर में मौजूदगी कानून के आदेशों का सीधा उल्लंघन मानी गई। पुलिस ने सटीक सूचना और रणनीति के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जिला बदर का उल्लंघन, अब गुंडा एक्ट में भी कार्रवाई
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया कि जिला बदर आदेश का उल्लंघन अपने आप में गंभीर अपराध है। इसी आधार पर आरोपी के खिलाफ अब गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इससे आरोपी पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी और भविष्य में उसकी गतिविधियों पर कानूनी नियंत्रण और मजबूत होगा।
स्पा सेंटर कॉल से कैफे बवाल तक
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, ऋषभ ठाकुर का आपराधिक इतिहास लंबा रहा है। शहर के एक कैफे में मेडिकल नर्सिंग स्टाफ की बर्थडे पार्टी के दौरान कथित बवाल और तोड़फोड़, एक स्पा सेंटर को खुलवाने को लेकर की गई कथित फोन कॉल, जो सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी।इन घटनाओं के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ पहले भी कार्रवाई की थी।
ज़ीरो टॉलरेंस का संदेश
बरेली पुलिस ने साफ किया है कि रंगदारी, गुंडागर्दी और संगठित अपराध करने वालों के लिए शहर में कोई जगह नहीं है। एसएसपी अनुराग आर्य के मुताबिक, “ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत अपराधियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। कानून से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
