40°C पार तापमान, लू के खतरे के बीच प्रशासन अलर्ट
बरेली : अप्रैल के तीसरे हफ्ते में ही भीषण गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। जिससे पूरे जिले में लू जैसे हालात बन गए। झुलसाती धूप और तेज गर्म हवाओं के चलते जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है।
डीएम का बड़ा फैसला, बच्चों की सेहत को प्राथमिकता

डीएम अविनाश सिंह ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों के समय में बदलाव के आदेश जारी कर दिए हैं। अब जिले के सभी बोर्ड परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, CBSE और ICSE के स्कूल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
दोपहर की गर्मी सबसे खतरनाक, बच्चों के लिए बड़ा खतरा
प्रशासन का मानना है कि दोपहर के समय तापमान और लू का असर सबसे ज्यादा होता है, जो छोटे बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना है, जिससे हालात और गंभीर हो सकते हैं।
स्कूलों को सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
प्रशासन ने सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन किया जाए। इसके साथ ही स्कूलों को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि बच्चों के लिए पर्याप्त पीने का पानी हो पंखे/कूलर की उचित व्यवस्था हो। कक्षाओं में गर्मी से राहत के इंतजाम किए जाएं। आदेश का उल्लंघन करने वाले स्कूलों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
अभिभावकों के लिए जरूरी सलाह
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का विशेष ध्यान रखें पानी की बोतल साथ दें।हल्के और सूती कपड़े पहनाएं। सिर ढककर स्कूल भेजें, धूप से बचाव के उपाय अपनाएं। भीषण गर्मी के बीच प्रशासन का यह फैसला बच्चों के लिए राहत भरा है। इसके साथ ही यह भी संकेत देता है कि आने वाले दिनों में गर्मी और चुनौतीपूर्ण हो सकती है। इसलिए सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।
