लखनऊ से बड़ा सियासी संदेश, कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मिशन 2027 का टारगेट
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि अगर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनती है, तो हर उपभोक्ता को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन देने का वादा भी किया गया है।
महंगाई, बेरोजगारी और बिजली संकट सीधा हमला
लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने मौजूदा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता महंगी बिजली, खराब स्वास्थ्य सेवाओं और खाद की कमी से जूझ रही है। स्मार्ट मीटर को लेकर उन्होंने कहा कि यह जनता के साथ “ठगी” का माध्यम बन गया है और बिजली बिलों में भारी बढ़ोतरी हो रही है।
“स्मार्ट मीटर भी EVM की तरह गड़बड़”-तीखा हमला
एसपी चीफ अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली मीटरों में भी हेराफेरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि कंपनियों से पहले ही कमीशन वसूला जाता है और उसका बोझ जनता पर डाला जाता है।उन्होंने कहा कि महंगे सिलेंडर और बिजली बिल ही सरकार का “कनेक्शन” सत्ता से काट देंगे।
2027 चुनाव के लिए कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा टारगेट
सपा प्रमुख ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर 2027 में भाजपा को हराने की रणनीति बनाएं। उन्होंने कहा कि हर सीट पर मजबूती से लड़ाई लड़नी होगी। भाजपा की “कुटिल चालों” पर नजर रखनी होगी। जनता के बीच जाकर मुद्दों को उठाना होगा
कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर भी सवाल
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि प्रदेश में महिला सुरक्षा की स्थिति खराब है। भ्रष्टाचार चरम पर है। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था “चौपट” हो चुकी है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर कानून का राज बहाल होगा और विकास को गति मिलेगी।
राजनीतिक संदेश साफ-2027 की तैयारी शुरू
इस बयान को 2027 विधानसभा चुनाव से पहले सपा की बड़ी रणनीतिक शुरुआत माना जा रहा है। मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता जैसे वादों के जरिए पार्टी सीधे आम जनता को साधने की कोशिश में नजर आ रही है।
भाजपा पर बरसे अखिलेश, बोले-पराजय के डर से घबराई पार्टी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी पराजय से घबराई हुई है और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) समाज की एकजुटता से डर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की भाषा और सोच अपमानजनक है और हालिया सोशल मीडिया पोस्ट राजनीतिक नैतिकता के गिरते स्तर को दर्शाती है। अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए समाज का हर अपमान उसकी एकता को और मजबूत करेगा।
लखनऊ में अखिलेश यादव से मिले स्केटिंग कर मुंबई जा रहे युवा, एकता का दिया संदेश
पूर्व सीएम अखिलेश यादव से सोमवार को बिहार के मुजफ्फरपुर से मुंबई स्थित हाजी अली दरगाह तक स्केटिंग करते हुए जा रहे चार युवाओं ने मुलाकात की। इन युवाओं में मोहम्मद तौहीद रजा, मोहम्मद साजिद, मोहम्मद अमीरुल और मोहम्मद अली शामिल हैं। अखिलेश यादव ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। युवाओं ने बताया कि उनकी यात्रा का उद्देश्य देश में एकता, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द का संदेश फैलाना है, साथ ही स्केटिंग को भी बढ़ावा देना है। इस दौरान युवाओं ने लखनऊ में मेट्रो, इकाना स्टेडियम और गोमती रिवरफ्रंट जैसे विकास कार्यों का भ्रमण कर उनकी सराहना की।
