बरेली : न्यू ईयर सेलिब्रेशन की आड़ में बरेली के ग्रीन पार्क गेट के पास स्थित सोबती कॉन्टिनेंटल होटल में देर रात जमकर हंगामा हुआ। तेज आवाज में डीजे और तय समय सीमा के बाद शराब परोसने से मना करने पहुंची पुलिस पर ही होटल प्रबंधन और कर्मचारियों ने हमला बोल दिया। मामला इतना बढ़ गया कि पुलिस से अभद्रता, मारपीट और गला दबाने की कोशिश तक के आरोप लगे हैं।बताया जाता है कि पुलिस ने होटल मैनेजर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
आधी रात के बाद भी तेज डीजे, नियमों की उड़ाई धज्जियां
शहर की बारादरी थाना पुलिस के अनुसार, 31 दिसंबर की रात करीब तीन बजे सूचना मिली कि सोबती कॉन्टिनेंटल में न्यू ईयर पार्टी के दौरान तेज आवाज में डीजे बज रहा है और बार के नियमों को दरकिनार कर शराब परोसी जा रही है। सूचना पर रुहेलखंड चौकी से पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और होटल प्रबंधन को डीजे बंद करने व शराब परोसने पर रोक लगाने के निर्देश दिए।
पुलिस से उलझे मैनेजर और कर्मचारी, दी धमकी
इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडे के मुताबिक, होटल के मैनेजर मसी आलम, पवनेश कुमार और मौके पर मौजूद राघव कपूर ने पुलिस की बात मानने के बजाय बहस शुरू कर दी।आरोप है कि होटल प्रबंधन ने पुलिस को धमकाते हुए कहा कि “डीजे बजेगा, कोई कुछ नहीं कर पाएगा।” इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मियों से भिड़ गए।
पुलिसकर्मियों से मारपीट, गला दबाने की कोशिश
पुलिस का आरोप है कि आरोपियों और उनके साथ मौजूद अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच की और मारपीट की। एक सिपाही का गला दबाने की कोशिश की गई, जबकि दूसरे पुलिसकर्मी के साथ धक्का-मुक्की हुई। उस समय मौके पर केवल दो सिपाही मौजूद थे।स्थिति बिगड़ती देख थाना बारादरी से पूरी पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी, थाने में उतरा नशा
पुलिस बल को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर तीनों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। थाने लाकर उनकी फिटनेस जांच कराई गई। घटना में घायल हुए पुलिसकर्मियों को मोबाइल मेडिकल टीम से उपचार दिलाया गया।
कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
बारादरी थाना पुलिस ने होटल मैनेजर समेत आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, पुलिस से मारपीट, शांति भंग, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, पुलिस पर जानलेवा हमला जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का सख्त संदेश
इंस्पेक्टर बारादरी ने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद डीजे बजाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।न्यू ईयर के नाम पर कानून तोड़ने और पुलिस से भिड़ने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
