बरेली : शनिवार को नागरिक सुरक्षा स्थापना दिवस के 63वें वर्षगांठ के अवसर पर जिलाधिकारी एवं नियंत्रक अविनाश सिंह की अध्यक्षता में नागरिक सुरक्षा कार्यालय पर ध्वजारोहण और सामूहिक राष्ट्रीयगान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सभी वार्डनों को शपथ दिलाई गई और उनके निस्वार्थ योगदान की सराहना की गई। डीएम ने कहा कि नागरिक सुरक्षा टीम ने शांति व्यवस्था बनाए रखने, मॉकड्रिल, परीक्षा ड्यूटी और विभिन्न त्योहारों पर प्रशासनिक सहयोग में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने भविष्य में भी टीम से ऐसे सहयोग की अपेक्षा जताई और विभाग को नगर से लेकर ग्रामीण स्तर तक विस्तार देने का संदेश दिया।
हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

कार्यक्रम के दौरान डीएम ने कलेक्ट्रेट प्रांगण से नागरिक सुरक्षा मोटर साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने वार्डनों की तत्परता और विश्वसनीय सेवा की सराहना की। उप नियंत्रक राकेश कुमार मिश्र ने वर्ष 2025 के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों, फर्स्ट रिस्पांडर तैयार करने, CPR प्रशिक्षण, ब्लैक आउट/मॉकड्रिल, रक्तदान अभियान और पर्वों पर पुलिस व प्रशासन के साथ शांति व्यवस्था ड्यूटी के विवरण प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में डिप्टी चीफ वार्डन, सहायक उप नियंत्रक, डिवीजनल और डिप्टी डिवीजनल वार्डन सहित बड़ी संख्या में अवैतनिक स्वयंसेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
