बरेली: बैंकों में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग को लेकर यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने आंदोलन तेज कर दिया है। इसी क्रम में बरेली में 30 दिसंबर को बड़े प्रदर्शन की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर स्टेट बैंक के प्रशासनिक कार्यालय स्थित यूनियन कार्यालय में UFBU बरेली की अहम बैठक आयोजित हुई।
अब आंदोलन के मोड में बैंक यूनियन
बैठक की अध्यक्षता पी. के. महेश्वरी ने की। इसमें अब तक बरेली में हुए आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। यूनियन नेताओं ने बताया कि अलग-अलग बैंक शाखाओं में कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच जाकर मांग को लेकर लगातार संपर्क किया जा रहा है और सभी कार्यक्रम सफल रहे हैं।
30 दिसंबर प्रदर्शन
UFBU बरेली के संयोजक और स्टेट बैंक स्टाफ एसोसिएशन के उप महामंत्री नवेंद्र कुमार ने बताया कि 30 दिसंबर को शाम 5:15 बजे स्टेट बैंक के प्रशासनिक कार्यालय के सामने शहरभर के बैंक कर्मचारी और अधिकारी एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य सरकार पर पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने का दबाव बनाना है।
मांग न मानी गई तो हड़ताल की चेतावनी
बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि यदि सरकार ने जल्द ही पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू नहीं किया, तो आने वाले समय में आंदोलन और तेज किया जाएगा, यहां तक कि हड़ताल का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।
बैठक में कई यूनियन नेता रहे मौजूद
इस बैठक में ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के महामंत्री संजीव मेहरोत्रा, स्टेट बैंक के पूर्व वरिष्ठ नेता कॉमरेड सुनील कुमार मित्तल सहित विभिन्न बैंकों के यूनियन प्रतिनिधि मौजूद रहे। इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, इलाहाबाद बैंक और अधिकारी संघ के पदाधिकारी शामिल थे।
कर्मचारियों का कहना है अब फैसला जरूरी
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह से न सिर्फ कर्मचारियों का कार्य-जीवन संतुलन बेहतर होगा, बल्कि बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आएगा।
