मृतक साक्षी की फोटो
बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव सिमरिया गांव में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय मासूम साक्षी गंदे पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम पसरा है। परिजनों के मुताबिक दोपहर के समय साक्षी घर के बाहर खेल रही थी। गांव के बाहर ग्राम प्रधान की ओर से गंदे पानी की निकासी के लिए एक गड्ढा खुदवाया गया था, जिसमें आसपास के कई घरों का पानी जमा होता है। खेलते -खेलते बच्ची उसी गड्ढे में जा गिरी, जब तक परिवार के लोग उसे बाहर निकालते, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
प्रधान पर लापरवाही का आरोप
मृतका के पिता छोटेलाल ने आरोप लगाया है कि गड्ढा बिना किसी सुरक्षा घेराबंदी, चेतावनी बोर्ड या ढक्कन के खुला छोड़ दिया गया था। उनका कहना है कि यदि सुरक्षा के इंतजाम किए गए होते तो यह हादसा टल सकता था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
कुछ समय पहले भोजीपुरा थाना क्षेत्र में भी नाले में डूबने से एक मासूम की मौत हो चुकी है। उस घटना के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दावा किया था, लेकिन मौजूदा हादसा उन दावों पर सवाल खड़े कर रहा है।ग्रामीण इलाकों में खुले गड्ढे, अधूरे निर्माण कार्य और बिना सुरक्षा इंतजाम के जल निकासी व्यवस्थाएं लगातार हादसों को न्योता दे रही हैं।
ग्रामीणों ने यह लगाए आरोप
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन और ग्राम पंचायतों को ऐसे स्थानों पर तत्काल सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी संकेत लगाने चाहिए।मासूम साक्षी की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है।क्या लापरवाही की कीमत हमेशा मासूम जिंदगियों से ही चुकानी पड़ेगी? फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है, लेकिन इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
